बहादुरपुर फायरिंग कांड में बड़ा खुलासा, पार्षद के लॉज पर बनी थी हत्या की साजिश
गिरफ्तार आरोपी का दावा—चंदन यादव ने कहा था “अंटू ईश्वर को हटाना है”, बैठक में बना था प्लान
Samastipur : शहर के बहादुरपुर फायरिंग कांड में गिरफ्तार आरोपी के खुलासे ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वार्ड पार्षद चंदन यादव के जितवारपुर स्थित लॉज पर एक अहम बैठकी हुई थी, जिसमें चंदन यादव, मनिया उर्फ मनीष, सन्नी, राहुल सहित कई लोग मौजूद थे। आरोपी के अनुसार, इसी बैठक में चंदन यादव ने साफ तौर पर कहा था कि “हम लोगों को अंटू ईश्वर को हटाना है।” इसके बाद वहां मौजूद सभी लोगों ने मिलकर अंटू ईश्वर की हत्या की साजिश रची और पूरी योजना तैयार की गई। आरोपी ने यह भी बताया कि पहले आपसी विवाद और मारपीट के कारण बदले की भावना थी, लेकिन बाद में प्लान बदलकर सीधे अंटू ईश्वर को निशाना बनाने का निर्णय लिया गया।
साजिश के तहत रेकी और बाहरी शूटर बुलाकर ताबड़तोड़ 10 से अधिक राउंड फायरिंग
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि साजिश के तहत पहले अंटू ईश्वर की लगातार रेकी कराई गई और बाहरी शूटरों की व्यवस्था की गई। 17 फरवरी 2026 को सूचना मिलने के बाद सभी आरोपी सक्रिय हुए और बहादुरपुर इलाके में अंटू ईश्वर को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। समस्तीपुर पुलिस की जांच में भी यह पुष्टि हुई है कि घटना के दौरान दोनों तरफ से 10 राउंड से अधिक गोलियां चली थीं। इस गोलीबारी में एक शूटर की मौत हो गई, जबकि अन्य कई लोग घायल हुए। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए और अलग-अलग जगहों पर छिपते रहे, बाद में पुलिस ने मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया।
दोनों जिलों की जांच में भूमिका सामने आने के बावजूद अंटू ईश्वर की गिरफ्तारी नहीं
इस मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कई गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना की जांच में अंटू ईश्वर के खिलाफ भी मामला सत्य पाया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि घटना में दोनों पक्षों की भूमिका रही है। बावजूद इसके, अब तक अंटू ईश्वर की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़ा कर रहा है। वहीं, आरोपी के बयान में वार्ड पार्षद चंदन यादव की भूमिका स्पष्ट रूप से सामने आने के बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं होना चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है और कब तक इस हाई-प्रोफाइल फायरिंग कांड के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पाती है।

