रौनियार वैश्य समिति की बैठक में नई टीम का गठन, मनोज गुप्ता बने जिलाध्यक्ष
संगठन मजबूती पर जोर, पिछड़ा वर्ग में शामिल करने व राजनीतिक हिस्सेदारी की उठी मांग
Samastipur : शहर के रामबाबू चौक स्थित एक निजी होटल में बुधवार की देर शाम रौनियार वैश्य जिला समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बैजनाथ प्रसाद गुप्ता ने की। कार्यक्रम में हाजीपुर से आए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष कृष्ण कुमार आजाद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा बिहार प्रदेश अध्यक्ष भाई राकेश कुमार गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष शशिकांत गुप्ता, प्रदेश सचिव अजय कुमार गुप्ता, बिट्टू जी, राष्ट्रीय नेता भाई देवानंद प्रसाद, मुजफ्फरपुर से आए उपाध्यक्ष लालबाबू गुप्ता एवं सुनील कुमार गुप्ता सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। सभा में रौनियार वैश्य समाज के पदाधिकारियों का मिथिला परंपरा के अनुसार पाग और शॉल देकर सम्मान किया गया। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

बैठक के दौरान मनोज कुमार गुप्ता को सर्वसम्मति से रौनियार वैश्य जिला समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं, संजय गुप्ता को कार्यकारी अध्यक्ष, धर्मनाथ गुप्ता को कोषाध्यक्ष एवं आयुष गुप्ता को संगठन मंत्री बनाया गया। नव मनोनीत जिलाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि रौनियार समाज को पिछड़ा वर्ग में शामिल कराने के लिए समाज को एकजुट कर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल समाज की उपेक्षा कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि रौनियार समाज को विधानसभा स्तर पर राजनीतिक हिस्सेदारी दी जाए। अपनी मांगों को लेकर समाज पूरी तरह एकजुट है और आगे आंदोलन की रणनीति भी बनाई जाएगी।

