विश्व रक्तदाता दिवस की पूर्व संध्या पर जागरूकता अभियान, डीपीएम ने किया रक्तदान
Samastipur : विश्व रक्तदाता दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम ज्ञानेंद्र शेखर द्वारा सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान कर लोगों को जागरूक करने का सराहनीय कार्य किया गया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं रक्तदान कर समाज को संदेश दिया कि रक्तदान एक महादान है, जिससे किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने आम लोगों से आगे बढ़कर स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने की अपील की।
डीपीएम ने कहा कि नियमित रूप से रक्तदान करने से न केवल दूसरों का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। उन्होंने सभी युवाओं एवं सक्षम नागरिकों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का अनुरोध किया। कार्यक्रम के दौरान जीवन बचाने वाले सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया गया और उनके इस योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया।

