समस्तीपुर में वित्तीय अनियमितता पर सख्त कार्रवाई, पूर्व मुखिया समेत चार पर FIR का आदेश
डीएम ने दो दिनों में केस दर्ज कर रिपोर्ट देने का दिया निर्देश, 2016-21 की फाइलों में गड़बड़ी उजागर
Samastipur : जिले में वित्तीय अनियमितता के मामले में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सख्त रुख अपनाते हुए वारिसनगर प्रखंड के ग्राम पंचायत राज रहुआ पूर्वी के पूर्व मुखिया चंद्रभूषण ठाकुर समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। इस संबंध में वारिसनगर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को दो दिनों के भीतर कार्रवाई कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2016-17 से 2020-21 तक की फाइलों की विभागीय जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच के दौरान सभी फाइलों में एक ही ‘गोल्डेन ईंट उद्योग’ का वाउचर संलग्न पाया गया, जिसका निबंधन पूर्व मुखिया चंद्रभूषण ठाकुर के नाम पर है। इसके अलावा अधिकांश फाइलों में विभिन्न प्रकार की त्रुटियां भी पाई गईं, जो वित्तीय गड़बड़ी की ओर संकेत करती हैं।
इस मामले में 13 दिसंबर 2025 को विभागीय स्तर पर पूर्व मुखिया, पंचायत सचिव, कनीय अभियंता और तकनीकी सहायक से स्पष्टीकरण मांगा गया था। हालांकि, जिलाधिकारी को अब तक स्पष्टीकरण पर की गई कार्रवाई से संबंधित कोई प्रतिवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
प्रतिवेदन नहीं मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए वारिसनगर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिया है कि संबंधित सभी व्यक्तियों के खिलाफ दो दिनों के भीतर प्राथमिकी दर्ज कर इसकी रिपोर्ट समर्पित करें। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है।

