रावण दहन कार्यक्रम : शोभायात्रा के रास्ते में दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के साथ बल रहेगा तैनात
Samastipur : आगामी विजयादशमी पर्व के अवसर पर होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों के सुचारू संचालन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा के लिए सदर एसडीओ दिलीप कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को विभिन्न रावण दहन समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पाण्डेय भी उपस्थित थे और उन्होंने भी आवश्यक निर्देश दिया। बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारू रखने हेतु डायवर्जन प्लान, पार्किंग की व्यवस्था एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर चर्चा की गई। बता दें कि विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम से पूर्व शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर से भव्य शोभा यात्रा भी निकाली जाती है, यह शोभा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए हाउसिंग बोर्ड मैदान तक जाती है। इसमें विभिन्न भगवानों की झांकियों के साथ ही श्रीराम-लक्ष्मण व अन्य देवी-देवता का रूप धरे कलाकार शामिल रहते हैं।
बता दें कि दशहरा पर्व के अवसर पर रावण वध के दिन एक जुलूस पंजाबी कॉलोनी भोला टॉकिज होते हुये ओवरब्रिज के रास्ते मगरदही घाट, बाई पास रोड, होते हुये हॉउसिंग बोर्ड मैदान जाती है। इसी जूलूस के लोगों के द्वारा रावण वध के कार्यक्रम में भाग लिया जाता है। इस जूलूस के जाने वाले सभी रुट पर अधिक संख्या में पुलिस पदाधिकारी व दण्डाधिकारी व पुलिस बल कि प्रतिनियुक्ति गई है। भीड़ प्रबंधन के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग की व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने, सुरक्षात्मक प्रबंध के लिए अग्निशमन दस्ता, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य विभाग की समुचित व्यवस्था करने आदि पर चर्चा की गई।
समिति की जिम्मेदारियों को लेकर उन्हें जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन, अनुशासन बनाए रखना तथा आतिशबाजी एवं पुतला दहन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कराने के बिंदुओं पर विशेष रूप से विचार-विमर्श करते हुए निर्देश दिया गया। एसडीओ दिलीप कुमार ने सभी पदाधिकारियों एवं समिति सदस्यों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराएं। इसमें प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ मुफ्फसिल इंस्पेक्टर अजीत प्रसाद सिंह, ट्रैफिक एसएचओ सुनील कांत व नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार एवं रावण दहन कार्यक्रम समिति के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

