समस्‍तीपुर

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत आयोजित शिविर में डीपीएम ने किया रक्तदान

Samastipur :- महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चल रहे भारत सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के तहत शुक्रवार को सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला स्वास्थ्य समिति, समस्तीपुर के डीपीएम डॉ. ज्ञानेंद्र शेखर ने स्वयं रक्तदान कर किया। रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए डॉ. शेखर ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे अनगिनत जिंदगियों को बचाया जा सकता है। उन्होंने इसे समाज में सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाला कार्य बताया। जानकारी के अनुसार, यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु देखभाल, पोषण जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन गतिविधियां और रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

डीपीएम डॉ ज्ञानेंद्र शेखर ने बताया कि पोषण माह के संयोजन में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों की स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर समय पर इलाज सुनिश्चित करना है। डीपीएम ने कहा कि गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं पर विशेष फोकस के साथ राज्य सरकार स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को लेकर निरंतर प्रयासरत है। शिविर में जिला स्वास्थ्य समिति के जिला गुणवत्ता यकीन सलाहकार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी रक्तदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *