पिकअप से 15 लाख की 1259 लीटर विदेशी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
मुख्य सरगना फरार, चालक की निशानदेही पर तस्करों की पहचान
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के झखड़ा गांव में गुरुवार अहले सुबह मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की खेप पकड़ी। टीम ने छापेमारी के दौरान एक पिकअप वाहन से 15 लाख रुपए मूल्य की 1259.04 लीटर विदेशी शराब और केन बीयर बरामद की है। कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक हरिनंदन कुमार पाल के नेतृत्व में टीम ने गांव में घेराबंदी कर दी। जांच के दौरान एक घर के परिसर में खड़ी पिकअप की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई थी। मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि जिस घर से शराब मिली उसका मालिक दिलीप राय फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार चालक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के लसंडा निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है। वह अशोक चौधरी का पुत्र बताया जा रहा है।
मद्य निषेध अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में चालक और फरार आरोपी के खिलाफ समस्तीपुर उत्पाद थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। जब्त शराब के साथ पिकअप वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में चालक ने शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी दी है। उसकी निशानदेही पर कई संदिग्धों की पहचान की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है। छापेमारी टीम में मद्य निषेध विभाग के अन्य कर्मी और सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे।

