गोलीबारी, लूटकांड और एससी-एसटी मामले में अशोक पासवान का पुत्र अनिकेत बेगूसराय से गिरफ्तार
एसपी से शिकायत के बावजूद थाना ने दर्ज नहीं किया था मामला, कोर्ट के आदेश पर हुआ था दर्ज
Samastipur : जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष एक युवक के साथ जाती सूचक गाली-गलौज करते हुए मारपीट, गोलीबारी और लूटपाट के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के बेगमपुर सराय मोहनिया चौक निवासी अशोक पासवान के पुत्र अनिकेत कुमार के रूप में बताई गई है। बता दें कि एससी-एसटी थाना पुलिस ने लगभग 10 दिन पूर्व एक और नामजद आरोपी दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत सरदारगंज निवासी राजीव कुमार वर्मा के पुत्र श्रेष्ठ वर्मा उर्फ नटवर को गिरफ्तार किया था। घटना 28 मई 2025 की बताई गई है, जिसमें आरोप है कि बदमाशों के एक ग्रुप ने जातिसूचक गाली देते हुए युवक पर हमला कर दिया था और उसके दोनों पैर में गोली मार दी थी। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पीड़ित दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के डीह पगड़ा वार्ड आठ के नगीना पासवान के पुत्र अजय कुमार पासवान को स्थानीय लोगों और परिजनों ने डायल 112 की मदद से दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर उसे सदर अस्पताल और बाद में दरभंगा डीएमसीएच रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चला।
थाने में नहीं हुई सुनवाई, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
इलाजरत रहने के कारण उसने 15 जून को दलसिंहसराय थाना में लिखित आवेदन दिया, लेकिन विलंब का हवाला देकर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद 19 जून को उसने एससी-एसटी थाना में भी आवेदन दिया, जहां उसे पुनः स्थानीय थाना जाने की सलाह दी गई। न्याय नहीं मिलने पर पीड़ित एसपी से मिलने गया, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद उसने भारतीय डाक के माध्यम से एसपी को अपना आवेदन भेजा। बावजूद इसके मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की की शरण ली और कोर्ट के आदेश के बाद एससी-एसटी थाने में कांड दर्ज हुआ था। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

