क्राइमसमस्‍तीपुर

झांसे में लेकर महिला से कपड़ा व नकद उड़ाया, बाइक सवार फरार

बातों में उलझाकर बाइक पर बैठाया, रास्ते में उतारकर झोला लेकर भागा

Samastipur : शहर के व्यस्त मारवाड़ी बाजार इलाके में शुक्रवार को ठगी की एक वारदात सामने आई, जहां एक महिला को बहला-फुसलाकर बाइक सवार बदमाश ने उससे खरीदा हुआ सामान और नकद लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। मिली जानकारी के अनुसार, खानपुर थाना क्षेत्र के भानपुर वार्ड तीन निवासी कन्हैया झा की पत्नी पिंकू देवी बाजार में खरीदारी करने आई थीं। उन्होंने मारवाड़ी बाजार स्थित एक दुकान से करीब सात हजार रुपये का कपड़ा खरीदा और उसे झोले में रखकर पैदल मगरदही घाट की ओर जा रही थीं। इसी दौरान गोला बाजार के पास एक बाइक सवार युवक ने बातचीत के बहाने उन्हें रोका और अपने झांसे में लेकर बाइक पर बैठा लिया।

पीड़िता ने बताया कि कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद मगरदही घाट के समीप युवक ने बहाना बनाया कि उसे दुकान से सामान लेना है और महिला को बाइक से उतरने को कहा। जैसे ही वह नीचे उतरी, आरोपी तेजी से बाइक लेकर फरार हो गया। महिला के अनुसार झोले में रखा करीब सात हजार रुपये का कपड़ा और एक हजार रुपये नकद बदमाश लेकर भाग गया। वहीं, इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर पुलिस विधि सम्मत कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *