समस्‍तीपुर

मद्यनिषेध विभाग की सबसे बड़ी कार्रवाई, छापेमारी कर ट्रक पर लदा एक करोड़ का विदेशी शराब किया जब्त

Samastipur : मद्य निषेध विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया है। जब्त शराब बरामद की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपए मूल्य बताया जा रहा था। मद्य निषेध विभाग ने इससे पहले इतनी मात्रा में विदेशी शराब कभी जब्त नहीं थी। इस संबंध में मद्य निषेध अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बीते 25 दिसंबर की रात्रि लगभग 10 बजे मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-22 पर ग्राम लाटबसेपुरा के समीप स्थित पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़ ढाबा के पास मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब लदा हुआ एक बारह चक्का ट्रक पकड़ा। सत्यापन एवं जांच के दौरान ट्रक की तलाशी लेने पर कुल 8769.600 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।

जब्त शराब प्रिंसिपल प्रीमियम व्हिस्की ब्रांड की है, जो कुल 1015 कार्टून में रखी गई थी। प्रत्येक कार्टून में 180 एमएल क्षमता की 48 पेट बोतलें पाई गईं। कार्रवाई के दौरान शराब लदे ट्रक के साथ राजस्थान के बाड़मेर जिले निवासी चालक नबाब खान को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया। ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग द्वारा शराब तस्करी के नेटवर्क को खंगालने के लिए सघन छानबीन की जा रही है। जांच के आधार पर इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के विरुद्ध भी कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि इस छापेमारी टीम का नेतृत्व मद्यनिषेध निरीक्षक मुकेश कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *