150 रुपए कमाई का लालच देकर 5.66 लाख की साइबर ठगी, पीड़ित के आवेदन पर एफआईआर दर्ज
Samastipur : साइबर अपराधियों के द्वारा व्हाट्सएप्प के माध्यम से मैसेज भेजकर विभिन्न होटलों का गुगल मैप के जरिये फाइव स्टार रिव्यू देने के नाम पर पांच लाख 66 हजार 100 रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर सुपौल जिले के सुपौल थाना क्षेत्र के चकला निर्मली, वार्ड सात के निवासी वर्तमान में शहर के आरएनएआर कॉलेज रोड के कृष्णापुरी इन्द्र देव पथ के रहने वाले आशीष कुमार के आवेदन पर साइबर थाना में एफआईआर दर्ज किया गया है।
दर्ज एफआईआर के अनुसार, उन्हें व्हाट्सएप्प से एक मैसेज आया था और रिव्यू देने पर 150 रुपए दिया जा रहा था। उसके बाद टेलीग्राम से एक लिंक भेजा गया और कहा गया कि उनका अकाउंट खोल दिया गया है। उसके बाद उनसे अलग-अलग व्यक्तियों के खाते में रुपए मंगाए गए। जब उन्होंने अपने रुपए निकालने का प्रयास किया तो उनके रुपए नहीं निकला और उन्हें और रुपए जमा करने को कहा गया।
इसके बाद उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करायी थी। इसके बाद 50 हजार रुपए की राशि उनकी होल्ड हो पायी। उन्होंने कहा है कि वह दिवालिया हो चुके हैं। उनकी जमा पूंजी राशि वापस कराई जाए ताकि वह लोगों और बैंक के कर्ज मुक्त हो सके।

