समस्‍तीपुर

पति-पत्नी आधार पर सात पुलिसकर्मियों का जिला पुलिस बल में हुआ स्थानांतरण

Samastipur : बिहार पुलिस मुख्यालय (कार्मिक एवं कल्याण प्रभाग) ने पति-पत्नी के आधार पर पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण व पदस्थापन का आदेश जारी किया है। इसके तहत सात पुलिस कर्मियों का जिले में पदस्थापन हुआ है। मुंगेर में पदस्थापित महिला सिपाही ममता कुमारी के पति समस्तीपुर में अग्नि चालक है और इस कारण उनका स्थानांतरण समस्तीपुर जिला पुलिस बल में किया गया है। इसी तरह सदर कोर्ट नवादा के पुलिस कार्यालय अभियोजन कोषांग में पदस्थापित पीटीसी संजय ठाकुर का स्थानांतरण समस्तीपुर जिले में किया गया है। उनकी पत्नी समस्तीपुर जिला पुलिस बल में पीटीसी है। वहीं, सुपौल में पदस्थापित महिला सिपाही रजनी शर्मा और नवादा में पदस्थापित उनके पति सिपाही अविनाश कुमार का समस्तीपुर जिला पुलिस बल में स्थानांतरण किया गया है। औरंगाबाद में पदस्थापित महिला सिपाही ललिता कुमारी के पति समस्तीपुर रेलवे में पोस्टेड हैं और इस कारण उनका स्थानांतरण समस्तीपुर जिला पुलिस बल में किया गया है। वहीं, इसी तरह खगड़िया जिले में पदस्थापित महिला सिपाही भारती कुमारी और अररिया जिले में पदस्थापित सिपाही बिपिन कुमार का समस्तीपुर जिला पुलिस बल में स्थानांतरण किया गया है। दोनों के पति-पत्नी बेगूसराय जिले में शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं।

वहीं, बताते चले कि एक जनवरी 2025 के आदेश के तहत गठित स्थानांतरण समिति ने 17 दिसंबर 2025 एवं बाद की बैठकों में प्राप्त अभ्यावेदनों व अनुशंसाओं पर विचार किया। समिति ने पुलिस आदेश संख्या-322/2022 तथा राज्य सरकार के प्रावधानों के अनुसार मामलों की समीक्षा की। गृह जिला अथवा पूर्व पदस्थापन वाले जिलों में स्थानांतरण पर विचार नहीं किया गया और न्यूनतम पांच वर्ष की सेवावधि को आधार बनाया गया। सम्यक विचारोपरांत संबंधित कर्मियों व पदाधिकारियों को उनके नाम के समक्ष अंकित जिला या इकाई में उपलब्ध रिक्तियों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से पदस्थापित किया गया। यह स्थानांतरण अभ्यावेदन के आधार पर होने से यात्रा या स्थानांतरण भत्ता देय नहीं होगा। आदेश को सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति प्राप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *