इथियोपिया के हैली गुब्बी ज्वालामुखी में विस्फोट, भारत की ओर बढ़ रहा राख का विशाल गुबार
भारत में फ्लाइट अलर्ट जारी, कोच्चि से जेद्दा व दुबई की दो उड़ानें रद्द
इथियोपिया के हैली गुब्बी ज्वालामुखी में करीब 12 हजार साल बाद हुए विस्फोट के बाद उठा राख का विशाल गुबार अब भारत की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं को लेकर भारत में अलर्ट जारी कर दिया गया है। राख के प्रभाव को देखते हुए कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जेद्दा और दुबई जाने वाली दो उड़ानों को सावधानी के तौर पर रद्द किया गया है।
रविवार को एर्ता अले पर्वत श्रृंखला में ज्वालामुखी के फटने के बाद राख लाल सागर के ऊपर से होते हुए ओमान और यमन की दिशा में पहुंच चुकी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हवा की दिशा राख को अब भारत की ओर धकेल रही है। हालांकि ज्वालामुखीय राख आमतौर पर जमीन तक नहीं पहुंचती, लेकिन ऊंचाई पर उड़ान भरने वाले विमानों के लिए बेहद खतरनाक मानी जाती है, क्योंकि इससे इंजन और सेंसर को नुकसान पहुंचने की आशंका होती है। इसी वजह से उड़ानों में बदलाव किया गया है।
रद्द की गई उड़ानों में इंडिगो की सेवा 6E 1475 (कोच्चि–दुबई) और अकासा एयर की उड़ान QP 550 (कोच्चि–जेद्दा) शामिल हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा सामान्य होने के बाद उड़ान संचालन बहाल कर दिया जाएगा।
एयरपोर्ट प्राधिकरण ने भी यात्रियों से टिकट अपडेट और उड़ान की नवीनतम जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क बनाए रखने की अपील की है।

