समस्‍तीपुरदेश-दुनिया

पीएम के कार्यक्रम के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, 2400 से अधिक अधिकारी व जवान तैनात

  • दोनों कार्यक्रम स्थलों पर जोनवार 335 स्थानों पर तैनाती।
  • आउटर, इनर और आइसोलेशन कॉर्डन में बहुस्तरीय निगरानी।
  • बम डिस्पोजल, एसटीएफ, कोबरा व एटीएस की टीम भी रहेंगी तैनात।

Samastipur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की के कर्पूरीग्राम और दुधपुरा कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगा। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले ही जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर लिए गए हैं। प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की चूक या अव्यवस्था से बचने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। आउटर, इनर और आइसोलेशन कॉर्डन के रूप में बनाए गए इन सुरक्षा घेरों में विभिन्न स्तरों पर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एसपीजी के जवान तैनात रहेंगे। मिली जानकारी के अनुसार, पीएम के कार्यक्रम को लेकर कर्पूरीग्राम में सुरक्षा व्यवस्था आठ जोन में विभक्त की गई है और इसमें चिन्हित 196 जगहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, दुधपुरा हवाई अड्डा कार्यक्रम को लेकर 12 जोन में 139 जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इन दोनों जगहों के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 50 से अधिक पदाधिकारी, 327 दंडाधिकारी, 372 पुलिस पदाधिकारी, अत्याधुनिक हथियारों से लैस 108 से अधिक पुलिस कर्मी एवं 1632 के करीब सशस्त्र व लाठी बल के महिला-पुरुष जवान प्रतिनियुक्त रहेंगे।

बम डिस्पोजल, एसटीएफ, कोबरा व एटीएस की टीम भी रहेंगी तैनात

साथ ही कर्पूरीग्राम व दुधपुरा स्थित कार्यक्रम स्थल के पास दोनों जगहों पर दो-दो बम डिस्पोजल की टीम तैनात रहेगी। वहीं, विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत एसटीएफ, कोबरा व एटीएस क्यूआरटी की एक-एक टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेगी। इसके अलावा 9 क्यूआरटी टीम भी मुस्तैद रहेगी। सबसे आंतरिक सुरक्षा घेरा एसपीजी के अधिकार क्षेत्र में रहेगा। इसमें विशेष शाखा के अधिकारियों की एक टुकड़ी सहयोग करेगी। सभी पदाधिकारी प्रधानमंत्री के आगमन से दो घंटे पहले अपने-अपने स्थल पर उपस्थित रहेंगे। चुस्त-दुरुस्त वेशभूषा में तैनात अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति प्रधानमंत्री के निकट नहीं जा सके। इस घेरे में हर समय कम से कम दो पदाधिकारी मौजूद रहेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल निर्धारित तिथि को पूर्वाह्न 7:00 बजे तक अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण कर लेने का निर्देश है। प्रधानमंत्री के प्रस्थान और भीड़ के पूरी तरह चले जाने के बाद ही अधिकारी और जवान अपने स्थल से हटने का निर्देश है।

सादे लिबास में भी तैनात रहेंगे विशेष शाखा के पुलिस पदाधिकारी

बाहरी सुरक्षा घेरे में जिला पुलिस के सशस्त्र पदाधिकारियों की पर्याप्त संख्या तैनात की गई है। इनका मुख्य कार्य प्रवेश एवं निकास के सभी संभावित मार्गों पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को रोकना होगा। एक पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में स्वचालित हथियारों से लैस प्रशिक्षित बल भी तैनात रहेगा। आंतरिक सुरक्षा घेरे में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों की जिम्मेदारी आकस्मिक स्थिति में निकास मार्ग तैयार करने की होगी, ताकि किसी आपात स्थिति में प्रधानमंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। सामान्य स्थिति में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रधानमंत्री के समीपवर्ती क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। यह घेरा कैम्प के परिधि क्षेत्र में रहेगा। इसमें विशेष शाखा के सादे लिबास में शस्त्रधारी पदाधिकारी भी रहेंगे, जो हर आने-जाने वाले पर सतर्क निगरानी रखेंगे और केवल पहचान प्राप्त व्यक्तियों को ही अंदर जाने देंगे।

मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के लिए दो अतिरिक्त हेलिपैड की व्यवस्था

हेलीपैड और हेलीकॉप्टर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, दो अतिरिक्त हेलिपैड भी बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर कर्पूरीग्राम और हवाई अड्डा मैदान, दुधपुरा में हेलिपैड तैयार किए गए हैं। हेलिपैड का निर्माण सभी मानक विशिष्टियों के अनुरूप कराया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। दोनों हेलीपैड पर पर्याप्त संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा प्रत्येक हेलिपैड पर 25 लाठी बल और 5 महिला सिपाही पुलिस केंद्र, समस्तीपुर से प्रतिनियुक्त की गई हैं। एयरफोर्स पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए प्रशासनिक पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री, बिहार एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के संभावित आगमन को देखते हुए पुलिस लाइन, समस्तीपुर और कॉलेज परिसर, कर्पूरीग्राम में दो अतिरिक्त हेलीपैड का निर्माण कराया जाएगा। कर्पूरीग्राम और दुधपुरा दोनों हेलिपैड पर पांच-पांच कार्यालय परिचारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

हेलिपैड पर एम्बुलेंस के साथ तैनात रहेगी मेडिकल टीम

जिला अग्निशमन पदाधिकारी, समस्तीपुर को निर्देश दिया गया है कि हेलिपैड के समीप एक अग्निशमन वाहन पूर्ण तैयारी की स्थिति में मौजूद रहे। सिविल सर्जन, समस्तीपुर को आदेश दिया गया है कि प्रत्येक हेलिपैड पर चिकित्सक और पारा मेडिकल टीम के साथ एक एम्बुलेंस की व्यवस्था करें। दोनों हेलीपैड पर बैगेज पार्टी की भी तैनाती की गई है। प्रधानमंत्री के कर्पूरीग्राम और हवाई अड्डा मैदान, दुधपुरा परिभ्रमण के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए कारकेड व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। प्रधानमंत्री की सभा स्थल, डी-एरिया, हेलिपैड, बैरिकेडिंग, आने-जाने वाले मार्गों और अन्य चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल और लाठी बल के जवानों की तैनाती की गई है। इन सभी व्यवस्थाओं की निगरानी वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *