बिहार

सूरजभान सिंह ने रालोजपा से दिया इस्तीफा, संगठन में आंतरिक लोकतंत्र खत्म होने का लगाया आरोप

पटना। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी को बुधवार को बड़ा झटका लगा जब पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने अपने सभी पदों के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस को भेजा है।

सूरजभान सिंह ने त्यागपत्र में लिखा है कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र पूरी तरह समाप्त हो गया है और किसी भी निर्णय में सामूहिक सहमति नहीं ली जाती। उन्होंने कहा कि “मैंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत स्वर्गीय रामविलास पासवान के साथ की थी और दो दशकों तक उनके विचारों के प्रति निष्ठावान रहकर संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया। लेकिन आज पार्टी अपने संस्थापक नेता की विचारधारा, सिद्धांतों और मूल्यों से भटक गई है।”

पूर्व सांसद ने कहा कि पार्टी को टूटने से बचाने की उन्होंने कई बार कोशिश की, बावजूद इसके नेतृत्व ने उनके सुझावों को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा, “स्वर्गीय रामविलास पासवान के आदर्शों और उनके कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा मेरे लिए किसी भी पद से अधिक महत्वपूर्ण है। इसलिए भारी मन से पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है।”

सूरजभान सिंह ने अंत में कहा कि वे रामविलास पासवान की विरासत और उनके सिद्धांतों की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष करते रहेंगे, चाहे इसके लिए कोई भी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *