समस्‍तीपुर

वायरलेस भवन और चकमेहसी थाना का होगा जीर्णोद्धार, कराया जाएगा विद्युतीकरण व मरम्मती कार्य

वायरलेस भवन की संचार व्यवस्था होगी और मजबूत, पटोरी में जी+3 कस्टमाइज्ड अग्निशामालय भवन का होगा निर्माण

Samastipur : बिहार पुलिस मुख्यालय के द्वारा जिले के वायरलेस भवन का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। साथ ही तकनीकी सेवाओं व पुलिस की संचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक उपकरणों व उपस्करों की खरीद की जाएगी। इसके साथ ही जिले के चकमेहसी थाना भवन (ग्रेड-3) का विद्युतीकरण सहित मरम्मती कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा पटोरी में अग्निशामालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। इन सभी योजनाओं की अलग-अलग स्वीकृति प्रदान की गई है।

जिले के वितन्तु कक्ष भवन का विद्युतीकरण सहित मरम्मती कार्य एवं चाहरदिवारी का मरम्मती कार्य कराया जाएगा। इसके निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। यह कार्य चार लाख 70 हजार 396 रुपए में कराया जाएगा। वहीं, पुलिस मुख्यालय अन्तर्गत वितंतु एवं तकनीकी सेवाएँ हेतु राज्य पुलिस के संचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक उपकरणों व उपस्करों के क्रय हेतु कुल प्राक्कलित राशि 24 करोड़ 33 लाख 50 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति का आदेश भी हो चुका है। इसके तहत जिलों में वितन्तु कक्ष के लिए वायरलेस डिजिटल 25 वाट वीएचएफ स्टाटिक वायरलेस सेट्स विथ ऑल एक्सेसरीज, डिजिटल 5 वाट हैंड हेल्ड वायरलेस सेट्स विथ ऑल एक्सेसरीज, 100 और 120 फीट सेल्फ सपोर्टेड टॉवर, 60 फीट ट्रायगुलर लेटिस मास्ट एवं 100 वाट एचएफ वायरलेस सेट इनबल्ट डाटा मॉडम (3जी) से लैस किया जाएगा।

जिले के चकमेहसी थाना भवन (ग्रेड-3) का विद्युतीकरण सहित मरम्मती कार्य कराया जाएगा। इसकी निविदा प्रकिया पूर्ण हो गई है। यह कार्य तीन लाख 35 हजार 120 रुपए में कराया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार बीते 23 सितंबर को मोनेटरिंग कमेटी की आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया है।

वहीं, समस्तीपुर जिलान्तर्गत 2 यूनिट के अधिसूचित अग्निशामालय, शाहपुर पटोरी के कस्टमाइज्ड अग्निशामालय भवन (जी+3 स्ट्रक्चर), जनरेटर सेट 125 केवीए, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, फायर हाइड्रेंट व अंडर ग्राउंड आरसीसी टैंक एवं आधारभूत संरचना का विद्युतिकरण सहित निर्माण कार्य दो करोड़ 94 लाख 10 हजार 250 रुपए की राशि से कराया जाएगा। कार्य 14 महीनों में पूर्ण होना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *