70 फीट के रावण का होगा दहन, मथुरा से आए कलाकार करेंगे रामायण प्रसंग का मंचन
समस्तीपुर जिले के जितवारपुर हाउसिंग बोर्ड मैदान में हर वर्ष दशहरा पर्व पर होने वाले रावण दहन को लेकर इस बार खास तैयारियां की जा रही हैं। हाउसिंग बोर्ड मैदान में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां 70 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। इस अवसर पर ‘रामायण प्रसंग’ का मंचन मथुरा से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे पूरा माहौल धार्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंग जाएगा।
श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से भव्य झांकी निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी। मैदान में लंका पुरी जैसी आकर्षक सजावट की जा रही है। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासनिक टीम और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
जिला दशहरा कमेटी के अनुसार समस्तीपुर में पिछले 70 वर्षों से रावण दहन की परंपरा निभाई जा रही है और इस बार का आयोजन और भी भव्य होने वाला है। इस बार 45 फीट का मेघनाथ और 40 फीट का कुम्भकर्ण का निर्माण कराया जा रहा है। लंकापुरी भवन का भी निर्माण हाउसिंग बोर्ड मैदान में हो रहा है।

