समस्‍तीपुर

श्रीलेदर्स चोरी मामले में एफआईआर दर्ज, 11 लाख नगद व 5 लाख के सामान की हुई थी चोरी

Samastipur : शहर के मोहनपुर रोड स्थित समस्तीपुर इंटरप्राइजेज (श्रीलेदर्स) और भव्या मार्ट से रविवार तड़के लाखों रुपए नगद और सामान की चोरी मामले में अंगारघाट थाना क्षेत्र के मुरियारो निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह के पुत्र व वर्तमान में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के आदर्शनगर के रहने वाले अजीत कुमार के आवेदन पर मुफ्फसिल थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया गया है। दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दर्ज एफआईआर के अनुसार, बीते 28 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे के आसपास अज्ञात चोरों ने श्रीलेदर्स का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ला व ऑफिस टेबल से कुल लगभग 10 लाख नगद के साथ करीब पांच लाख रुपए मूल्य का सामान उड़ा लिया। वहीं भव्या मार्ट से भी 97 हजार रुपए नगद की चोरी कर ली। सुबह गार्ड के आने पर चोरी की घटना के बारे में पता चला। मिली जानकारी के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जांच की गति तेज कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। साथ ही चोरों की पहचान के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

वहीं, इस संबंध में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही घटना में संलिप्त चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *