समस्‍तीपुर

कलश स्थापित कर पूरे परिवार संग दुर्गा सप्तशती का पाठ कर रहे जितेंद्र चौधरी

देश-दुनिया की भलाई व मानव कल्याण के लिए कर रहे शक्ति आराधना

Samastipur : शक्ति की आराधना का महान पर्व शारदीय नवरात्र बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ आरंभ हो चुका है। इसी क्रम में जिले के भमरुपुर में राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने अपने घर पर कलश स्थापना कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना शुरू की। इस अवसर पर उन्होंने पूरे परिवार के साथ दुर्गा सप्तशती का पाठ कर देश-दुनिया की भलाई और मानव कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से नवरात्रि पर कलश स्थापित कर मां दुर्गा की आराधना करते आ रहे हैं। मां दुर्गा समस्त मानव जाति का कल्याण करें और हमारे देश भारत को इतना मजबूत बनाएं कि कोई भी दुश्मन या आतंकी मुल्क हमारी ओर आंख उठाकर न देख सके।

जितेंद्र चौधरी ने नवरात्रि को केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बताया। उनके अनुसार, कलश स्थापना परिवारों को एकजुट करती है और आपसी प्रेम व सद्भाव को बढ़ावा देती है। यह केवल पूजा-पाठ नहीं बल्कि जीवन के मूल सिद्धांतों की याद दिलाती है। जल, पृथ्वी, अग्नि, वायु और आकाश जैसे पांच तत्व हमें संतुलन का संदेश देते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि नवरात्रि के समय कलश को समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है। इसके माध्यम से मां दुर्गा को घर में आमंत्रित कर आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है, जिससे घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। व्रत, ध्यान और साधना से मन, शरीर और आत्मा की शुद्धि होती है। भमरुपुर में हुई यह कलश स्थापना नवरात्रि की आध्यात्मिक महत्ता और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करती है। श्रद्धा और आस्था से भरे इस अनुष्ठान में पूरे परिवार की सहभागिता ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *