मुखिया मनोरंजन गिरी की गोली मारकर हत्या, गैंगवार की आशंका से क्षेत्र में दहशत
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर एनएच-28 स्थित पानी टंकी के पास गुरुवार की देर शाम उजियारपुर थाना के चांदचौर करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरी की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुटी है। बताया गया कि पंचायत में एनएच किनारे एक नल जल के पानी टंकी के समीप में मुखिया किसी काम को लेकर पहुंचे थे। जहां वह बाहर खड़े थे। इसी दौरान बदमाशों ने मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखा बरामद किया है।
पुलिस इसे हालिया विक्रम गिरी हत्याकांड से जोड़कर देख रही है। बताया जाता है कि मुखिया मनोरंजन और विक्रम गिरी के बीच ठेकेदारी व दबदबे को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में बीते 21 अगस्त को विक्रम गिरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें मुखिया की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि हत्या की सुपारी दो लाख रुपये में दी गई थी, लेकिन अपराधियों को एडवांस में सिर्फ 20 हजार रुपये ही मिले थे। विक्रम गिरी हत्या का सूत्रधार माने जा रहे मुखिया मनोरंजन गिरी की हत्या के बाद क्षेत्र में गैंगवार और बदले की आशंका गहराई है। लगातार दो हाई-प्रोफाइल हत्याओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

