समस्‍तीपुर

शहर में चोरों का आतंक, 90 से ज्यादा घटनाओं से दहशत, शहर का कोई इलाका नहीं सुरक्षित

एसडीओ व एसडीपीओ ऑफिस से लेकर अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आवास के सामने से हो रही चोरी

बाइक से लेकर ई-रिक्शा और पिकअप तक चुराए जा रहे; पुलिसिया गश्ती नाकाम, 30 के करीब बाइक की चोरी 

Samastipur : शहर में चोरी का सिलसिला थम नहीं रहा है। आए दिन चोर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसमें वाहन एवं घर व दुकान में चोरी की घटनाएं प्रतिवेदित हुई हैं। इस वर्ष अकेले नगर थाना क्षेत्र में 90 से अधिक चोरी की घटनाएं प्रकाश में आयी है। वहीं, वाहन चोरों ने शहर में आतंक मचाया हुआ है। शहर आए दिन में किसी न किसी जगह वाहनों की चोरी हो रही है। वाहनों की चोरी होने के बाद वाहन स्वामी थाना में आवेदन देते हैं और पुलिस प्राथमिकी कर जांच करने की बात कहती है, लेकिन वाहनों की बरामदगी नहीं होने से वाहन स्वामी थाना का चक्कर लगाने को मजबूर होते हैं। मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग जगहों से अब तक 30 के करीब वाहनों की चोरी हुई है। डीएम आवास के पास से, एसडीओ ऑफिस, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आवास एवं एसडीपीओ ऑफिस के सामने, सदर अस्पताल, कचहरी कैंपस चोर कहीं से भी बड़े आराम से वाहन चुरा ले जाते हैं। बावजूद इसके पुलिस न तो इस गिरोह का पता लगा सकती है और ना ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं पर लगाम लगा सकी है।

बाइक के साथ-साथ बड़े वाहनों की भी हो रही है चोरी

नगर थाना के बिलकुल पीछे अवस्थित गांधी पार्क में भी चोरों ने चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। इसमें घर, विद्यालय व गोदाम में चोरी और बाइक चोरी की घटनाएं शामिल हैं। इसके अलावा शहर के नगर थाना के पास, एसडीओ ऑफिस, एसडीपीओ ऑफिस के पास (पटेल मैदान), चीनी मिली चौक, पुरानी पोस्ट ऑफिस गली, पुरानी पोस्टमार्टम गली, आजाद चौक एवं स्टेशन रोड आदि जगहों पर बाइक चोर गिरोह के सदस्य मंडराते रहते हैं। इन जगहों पर उन्होंने बाइक सहित कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस की गश्ती यहां पर प्रभावी दिखाई नहीं पड़ रही है। चोर बाइक के साथ-साथ, ई-रिक्शा, पिकअप और अन्य वाहनों की भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, एसडीओ ऑफिस कैंपस से एक संदिग्ध को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया गया था। हालांकि, उसके बावजूद भी पुलिस वाहन चोर गिरोह का पता नहीं लगा सकी।

बाइक चोरी की कुछ प्रमुख घटनाएं

अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय के आवास के सामने से बाइक चोरी

अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय, समस्तीपुर के आवास के गेट पर बाइक लगाकर किसी काम को लेकर आवास पर गए कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुक्तापुर के लालजी राय के पुत्र भविष्य कुमार की बाइक अज्ञात चोरों के द्वारा चोरी कर ली गई।

एसडीपीओ ऑफिस के सामने से बाइक चोरी

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय के सामने पटेल मैदान के गेट पर बाइक लगा कर पटेल मैदान में पत्नी के साथ टहलने गए रोसड़ा थाना क्षेत्र के भटोतर के रामाश्रय राय के पुत्र ब्रजमोहन कुमार की बाइक चोरों के द्वारा चोरी कर ली गई।

एसडीपीओ ऑफिस के सामने लगी बाइक हुई चोरी

शहर के काशीपुर के जयप्रकाश सिंह के पुत्र दीपक कुमार सिंह पटैल मैदान में टहलने के लिए गए हुए थे। उन्होंने अपनी बाइक सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय के सामने पटेल मैदान के गेट पर लगया था। चोरों ने उनकी बाइक चोरी कर ली।

एसडीओ ऑफिस कैंपस से बाइक चोरी

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बेझाडीह के संजीत राय एसडीओ ऑफिस कैंपस में अपनी बाइक खड़ी कर केस की पैरवी के लिए गए हुए थे। वहां से डेढ़ घंटे बाद वापस आने पर उनकी बाइक वहां नहीं थी। अज्ञात चोरों के द्वारा उनकी बाइक चोरी कर ली गई।

डीएम आवास के पास हेड पोस्ट ऑफिस कैंपस से बाइक चोरी

डीएम आवास के पास अवस्थित प्रधान डाकघर कैंपस में बाइक लगाकर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अजित कुमार किसी काम को लेकर अंदर गए थे। वापस आने पर उनकी बाइक वहां पर नहीं थी। अज्ञात चोरों के द्वारा उनकी बाइक चोरी कर ली गई।

वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस जल्द ही वाहन चोरों को पकड़ कर उनके गिरोह का खुलासा करेगी।

शिवकुमार यादव, थानाध्यक्ष, नगर थाना, समस्तीपुर 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *