समस्‍तीपुर

जिला पुलिस के उपस्कर शाखा से वायरलेस सेट गायब, मुख्यालय निर्देश पर एफआईआर दर्ज

Samastipur : जिला पुलिस बल की उपस्कर शाखा से एक मेन पैक वायरलेस सेट गायब होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुफ्फसिल थाना में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, सुमन कुमार, जो पूर्व में समस्तीपुर जिला बल की उपस्कर शाखा में पदस्थापित थे, ने अपने आवेदन में बताया है कि मई 2023 में शाखा प्रभारी के आदेश पर उन्होंने जिला वायरलेस कार्यालय से छह मेन पैक वायरलेस सेट प्राप्त किए थे। सभी सेट उपस्कर शाखा के भंडार कक्ष में सुरक्षित रखे गए थे।

बीते 20 फरवरी 2025 को जिला वायरलेस कार्यालय द्वारा उक्त छह मेन पैक की मांग की गई। जब भंडार कक्ष में जांच की गई तो पांच सेट ही उपलब्ध मिले, जबकि एक सेट गायब पाया गया। आवेदक के अनुसार, शाखा कर्मियों के साथ काफी खोजबीन की गई, लेकिन उक्त सेट का कोई पता नहीं चल सका। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र, समस्तीपुर द्वारा की गई। जांच प्रतिवेदन 31 जुलाई 2025 को समर्पित किया गया। इसके बाद 12 अगस्त 2025 को मुफ्फसिल थाना में सनहा भी दर्ज कराया गया, फिर भी सेट बरामद नहीं हो सका।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिले में विशेष विधि-व्यवस्था संधारण ड्यूटी के अवसर पर पुलिसकर्मियों के द्वारा लाठी, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर अन्य आवश्यक संसाधन निर्गत करवाने के लिए उपस्कर शाखा में भीड़ लगी रहती है। उसी दौरान अज्ञात कर्मियो के द्वारा मैन पैक गायब कर लिये जाने की संभावना व्यक्त की गई है। बिहार पुलिस मुख्यालय (संचार प्रभाग), पटना के 3 फरवरी 2026 के पत्र के आलोक में अब इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *