बिहारसमस्‍तीपुर

प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी अनिकेत कुमार द्विवेदी को बनाया गया जिले का एएसपी, अधिसूचना जारी

29 सप्ताह तक इस नए दायित्व का करेंगे निर्वहन, समझेंगे पुलिसिंग की जमीनी कार्यप्रणाली, दिया जाएगा व्यावहारिक प्रशिक्षण 

Samastipur : 2024 बैच के परीक्ष्यमान आईपीएस अनिकेत कुमार द्विवेदी को समस्तीपुर जिले का सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बनाया गया है। वह 29 सप्ताह तक इस नए दायित्व का निर्वहन करेंगे। बता दें कि गृह विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसमें बताया गया है कि राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा कर चुके 2023 और 2024 बैच के आठ परीक्ष्यमान आईपीएस अधिकारियों को जिला व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए बिहार के विभिन्न जिलों में भेजा गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, ये प्रशिक्षु अधिकारी 29 सप्ताह तक अपने-अपने आवंटित जिले में सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में कार्य करेंगे। सभी अधिकारियों ने 23 नवंबर को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में योगदान दिया था, जिसके बाद अब उन्हें जिलों में तैनाती दी गई है।

जिन प्रशिक्षु अधिकारियों को जिला आवंटित किया गया है, उनमें पटना से लेकर भागलपुर तक के कुल आठ जिले शामिल हैं। इसके तहत 2023 बैच की आईपीएस सुषमा सागर को पटना, 2024 बैच के आईपीएस अनिकेत कुमार द्विवेदी को समस्तीपुर, वहीं 2024 बैच की दीप्ति मोनाली को गयाजी, हेमंत सिंह को पूर्वी चंपारण, कार्तिकेयन एके को पश्चिम चंपारण, केतन अशोक इंगले को दरभंगा, प्रसन्ना कुमार एमवी को मुजफ्फरपुर और सईम रजा को भागलपुर जिले का एएसपी बनाया गया है। गृह विभाग के अनुसार, इन प्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिसिंग की जमीनी कार्यप्रणाली समझने के लिए संबंधित जिलों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *