समस्‍तीपुर

छुट्टी पर गए पुलिस इंस्पेक्टर के बंद मकान में चोरी, लाखों के गहने व नकद गायब

किराए के मकान में ताला लगाकर गए हुए थे घर, चोरी के बाद पुलिस की छानबीन जारी

Samastipur : छुट्टी पर घर गए एक पुलिस के कर्मी के किराए के मकान में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने ताला तोड़कर पांच लाख रुपए से अधिक मूल्य के स्वर्ण आभूषण और नगद पर हाथ साफ कर दिया। मामला नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत का है। जहां शहर के डीआरएम चौक के पास एक बंद पड़े किराए के मकान में चोरी की घटना हुई है। चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। इस संबंध में यातायात थाना में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक तथा मधेपुरा जिला निवासी प्रभाकर सिंह ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर शिकायत दी है।

उन्होंने बताया कि होली से पहले उनके परिवार में एक सदस्य का आकस्मिक निधन हो गया था। इसी कारण वह अपने किराए के मकान में ताला लगाकर मधेपुरा चले गए थे। गुरुवार को जब वह वापस डीआरएम चौक स्थित मकान पर लौटे तो देखा कि घर के गेट और गोदरेज अलमारी का ताला खुला हुआ है। अंदर जाने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकद गायब मिले। उन्होंने आशंका जताई है कि चोरों ने घर बंद होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया है। इधर नगर थाना पुलिस का बताना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *