समस्‍तीपुर

फरार चल रहे बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

Samastipur : कई मामलों में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश को मुफ्फसिल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, उसके विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। गिरफ्तार आरोपी बदमाश की पहचान जितवारपुर चौथ डीह का रहने वाला वशिष्ट नारायण राय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके विरुद्ध पिछले वर्ष सितंबर महीने हथियार के बल पर जबरन रोकने, हत्या की नियत से मारपीट करने एवं एससी-एसटी का मामला दर्ज किया गया था। उस मामले में वह फरार चल रहा था। वहीं, उसके विरुद्ध मुफ्फसिल थाना में पूर्व से कई गंभीर कांड दर्ज हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बेझाडीह के वार्ड नंबर दो के दोरिक पासवान के पुत्र और पेशे से मजदूर सतन पासवान ने बदमाशों के विरुद्ध जानलेवा हमला कर मारपीट करने व रुपए छीनने को लेकर मुफ्फसिल थाना में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराया था। दर्ज एफआईआर के अनुसार, पीड़ित पिछले वर्ष 11 सितंबर की सुबह एफसीआई गोदाम के निकट एक बाइक पर सवार तीन लोग उनके पास आए। इसमें जितवारपुर चौथ डीह का रहने वाला वशिष्ट नारायण राय व उसके तीन अन्य सहयोगी के साथ एक देसी कट्टा से उनके सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

पीड़ित मुफ्फसिल थाना में दर्ज एक मामले में पूर्व से गवाह है। उसी गवाही में से नाम वापस नहीं लेने पर हत्या की धमकी देते हुए हथियार बंद बदमाशों ने हत्या की नियत से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था और उसके जेब में रखा हुआ रुपए भी छीन लिया था। वहीं, इस संबंध में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी उसी मामले में हुई है। पूर्व के दर्ज मामलों में आरोपपत्र समर्पित किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *