एनएच-28 पर चलती कार से चमचमाती पिस्टल सड़क पर फेंक बदमाश हुए फरार
दलसिंहसराय के बसढ़िया चौक के पास हड़कंप, पुलिस फॉरेंसिक जांच में जुटी
समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में एनएच-28 पर रविवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बेगूसराय-मुजफ्फरपुर पथ पर बसढ़िया चौक के समीप चलती चारपहिया गाड़ी से एक पिस्टल सड़क पर फेंक दी गई। घटना के बाद वाहन सवार अज्ञात लोग मौके से तेजी से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेगूसराय की ओर से आ रही एक काले रंग की एसयूवी ने बसढ़िया चौक पर अचानक ब्रेक लिया। इसी दौरान वाहन में सवार लोगों ने एक चमचमाती पिस्टल सड़क पर उछाल दी और बिना रुके आगे बढ़ गए। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोग सहम गए। शोर मचाने के बावजूद धूल और तेज रफ्तार के कारण वाहन का नंबर नोट नहीं किया जा सका।
एक स्थानीय दुकानदार के अनुसार, पिस्टल का अगला हिस्सा लाल रंग से सना हुआ था, जिसे देखकर लोग घबरा गए। वहीं, एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि गाड़ी में दो से तीन लोग सवार थे और घटना इतनी तेजी से हुई कि कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला।
सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पिस्टल की वीडियोग्राफी कराने के बाद उसे जब्त कर लिया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, कुछ लोग इसे पुलिस कार्रवाई से बचने का तरीका मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे आपराधिक गिरोहों के बीच टकराव से जोड़कर देख रहे हैं।
एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि एनएच-28 पर चारपहिया वाहन से हथियार फेंके जाने की सूचना मिली है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पिस्टल की तकनीकी जांच कर उसका नंबर, मालिक और वाहन से जुड़े सुराग खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-28 जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से हाईवे और चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध वाहन की तलाश जारी है।

