बिहार

समस्तीपुर और पटना में स्वर्ण व्यवसायियों से सोना लूट की बड़ी साजिश को एसटीएफ ने किया नाकाम

हावड़ा जेल में बंद कुख्यात अपराधी विकाश झा और रविंद्र सहनी ने रची थी लूट की योजना, मोबाइल-सिम बरामद

बिहार पुलिस मुख्यालय की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा जेल में बंद समस्तीपुर जिले के दो कुख्यात अपराधियों से मोबाइल और सीम कार्ड बरामद किया है। इस कार्रवाई से दलसिंहसराय, समस्तीपुर और पटना में स्वर्ण व्यवसायियों से सोना लूट की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया गया।

9 नवंबर को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और पश्चिम बंगाल पुलिस ने हावड़ा जेल के विभिन्न सेल और वार्ड की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान पूछताछ में पता चला कि दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के शाहपुर पगड़ा के विजय शंकर झा के पुत्र जेल में बंद अपराधी विकाश झा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सुरतपुर छतौना के स्व. मोतीलाल सहनी के पुत्र कुख्यात अपराधी रविन्द्र सहनी के द्वारा समस्तीपुर व पटना में सोना लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी।

एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि विकाश झा और रविन्द्र सहनी अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर बिहार में स्वर्ण आभूषण प्रतिष्ठानों से लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने गया, बेगूसराय, समस्तीपुर और पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से विभिन्न जेलों (बेगूसराय, गया और हावड़ा) में छापेमारी कर सोना लूट की एक बड़ी घटना की साजिश को नाकाम कर दिया।

एसटीएफ ने 5 नवंबर को दलसिंहसराय से रमेश सहनी सहित पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया था। वे वहां एक ज्वेलरी हाउस को लूटने की साजिश कर रहे थे। रवींद्र सहनी का दाहिना हाथ रमेश है। यहीं से खुलासा हुआ कि हावड़ा जेल में बंद विकास झा और रवींद्र सहनी ने पूरी साजिश रची है। इस गिरोह के 10 से अधिक अपराधी बिहार में सक्रिय हैं। एसटीएफ ने बेगूसराय, गयाजी सहित कई जिलों के जेलों में भी छापेमारी कर इस गिरोह से जुड़े अपराधियों से पूछताछ की है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, काराधीन अपराधी विकाश झा के खिलाफ बिहार और पश्चिम बंगाल में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 13 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं रविन्द्र सहनी के खिलाफ हत्या, अपहरण, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत 33 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई को एसटीएफ की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *