बिहार

भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता के कई ठिकानों पर एसवीयू की छापेमारी

एसवीयू की 12 सदस्यीय टीम की छापेमारी की कार्रवाई में 24 प्लॉट व 5.73 लाख कैश मिले

भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने बुधवार को भवन निर्माण विभाग (विद्युत कार्य) के कार्यपालक अभियंता प्रणव कुमार के पटना, भागलपुर और दरभंगा स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। छापेमारी सुबह से शुरू होकर करीब छह घंटे तक चली। इस दौरान टीम ने अभियंता के भागलपुर स्थित रानीतालाब आवास से 5.73 लाख रुपये नकद, 23 अचल संपत्ति से संबंधित दस्तावेज और कई संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के कागजात जब्त किए।

एसवीयू की 12 सदस्यीय टीम की इस कार्रवाई में यह सामने आया कि अभियंता प्रणव कुमार ने महज 11 वर्षों की सेवा अवधि में आय से 146 प्रतिशत अधिक, लगभग 1.59 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है। इन संपत्तियों में कई प्लॉट और जमीनें शामिल हैं, जिन्हें उन्होंने अपने और पत्नी के नाम से खरीदा था। जांच के दौरान अभियंता स्वयं मौजूद नहीं थे, घर पर उनकी पत्नी पिंकी कुमारी और दो बच्चे मिले। टीम ने उनसे भी पूछताछ की।

सूत्रों के अनुसार, प्रणव कुमार के खिलाफ सितंबर के अंतिम सप्ताह में शिकायत मिली थी, जिसके बाद निगरानी विभाग ने गोपनीय जांच शुरू की और पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया। टीम ने दरभंगा के लहेरियासराय, पटना और भागलपुर के जीरोमाइल क्षेत्र में एक साथ छापेमारी की। दरभंगा स्थित किराए के मकान और दफ्तर से भी कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।

बताया जाता है कि अभियंता प्रणव कुमार मूल रूप से नवगछिया के राघोपुर के निवासी हैं और उनका संबंध एक राजनीतिक दल के वरिष्ठ नेता से होने की चर्चा है, हालांकि नेता ने इस संबंध से इनकार किया है। निगरानी की टीम अब उनकी संपत्तियों और बैंक खातों की गहराई से जांच कर रही है।

बरामदगी

5.73 लाख नकद, भागलपुर के सुल्तानगंज में महेशी में 2 व्यावसायिक जमीन, सबौर में व्यावसायिक जमीन, फतेहपुर अंचल में 2 जमीन, राघोपुर में 7 प्लॉट, महुली में प्लॉट जोतगोबिंद में 7 प्लॉट, पत्नी प्रीति के नाम भागलपुर के फतेहपुर व सबौर में आवासीय जमीन, महेशी में 3 जमीन, इंजीनियर व पत्नी के नाम पर कई बैंकों में 15 लाख की एफडी 21 लाख के जेवर और 4 लाख की ज्वैलरी की रसीद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *