चुनाव व पर्व-त्योहार में विशेष सुरक्षा व्यवस्था, जिले में 30 चेकपोस्ट व 20 कंपनी फोर्स तैनाती
Samastipur : एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मंगलवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में जिले के डीएसपी स्तरीय पुलिस पदाधिकारियों, अंचल पुलिस निरक्षकों, थानाध्यक्षों के साथ क्राइम मीटिंग कर आगामी उन्हें चुनाव और पर्व-त्योहार के दौरान सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को आचार संहिता के प्रावधानों का सख्ती से पालन करने और रिपोर्ट समय पर भेजने का निर्देश दिया गया। बताया गया कि संवेदनशील बूथों और इलाकों की पहचान कर उन क्षेत्रों में शांति भंग करने वाले या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले व्यक्तियों पर बॉन्ड डाउन की कार्रवाई का निर्देश दिया गया। बता दें कि जिले में 30 चेकपोस्ट जिले में बनाए गए हैं। थानों से मिले प्रस्ताव पर 30 चेकपोस्ट और बनाएं जाएंगे। इन चेकपोस्टों पर पैरामिलिट्री के फोर्स तैनात रहेंगे। 128 लोगों पर सीसीए, 10 हजार 238 लोगों के विरुद्ध बीएनएसएस 135 के तहत कार्रवाई की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, जिले 20 कंपनी फोर्स आ रही है तथा 20 कंपनी फोर्स और जिले को मिलेगी।
विगत माह में दर्ज आपराधिक मामलों, उनके निष्पादन और लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि आगामी माह में थाना प्रभारियों को मामलों के निष्पादन का लक्ष्य दिया गया है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि एनबीडब्ल्यू, कुर्की-जब्ती और स्थायी वारंट के मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। क्षेत्र से लेकर सोशल मीडिया तक अफवाह फैलाने वालों पर, फेक व पेड न्यूज पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी और सीआईएसएफ समेत अन्य पैरा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की जा रही है। इसमें एसएसबी और सीआरपीएफ की कंपनियां सबसे अधिक होंगी। इनके अलावा अन्य पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी। बिहार पुलिस की तैनाती इनसे अलग होगी। यह सभी एजेंसियां आपसी समन्वय से संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई भी करेगी। चुनाव में सघन चेकिंग के लिए जिले की सीमा पर मल्टी एजेंसी चेकपोस्ट बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू भी हो गई है। इसमें पुलिस के साथ मद्यनिषेध, केंद्रीय सुरक्षा बल समेत विभिन्न इकाइयों की टीम जांच करेगी।
चुनाव के दौरान आने वाली फोर्सेस के साथ समन्वय स्थापित करने और रोजाना ला एंड ऑर्डर रिपोर्ट भेजने की व्यवस्था की गई है। वहीं, चिह्नित मार्गो पर स्टैटिक फोर्स तैनात किया जाएगा। प्राप्त बल को ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। चुनाव के दौरान शराब, नारकोटिक ड्रग्स, मादक पदार्थ एवं अन्य प्रलोभन वाली वस्तुएं, जिससे मतदाता को लुभाया जा सकता है, इसकी रोकथाम के लिए चेक पोस्ट बनाए गए हैं। चेकपोस्ट पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी।

