एसपी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च, भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील
सीआरपीएफ व सशस्त्र पुलिस बल के जवानों के साथ शहर के विभिन्न मार्गों निकला फ्लैग मार्च
Samastipur : विधानसभा चुनाव को देखते हुए शहर में गुरुवार की शाम एसपी अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में शहर में सीआरपीएफ व सशस्त्र पुलिस बल के जवानों के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान एएसपी सह सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पाण्डेय एवं साइबर क्राइम डीएसपी दुर्गेश दीपक भी फ्लैग मार्च में शामिल रहे। यह फ्लैग मार्च शहर के विभिन्न मार्गों में निकाला गया। नगर थाना से लेकर शहर के भोला टॉकीज, धरमपुर (पूसा रोड) होते हुए निकला। इसमें नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह व नगर थाना के एसआई राहुल वत्स राजहंस एवं बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। इसमें करीब 100 की संख्या में सीआरपीएफ के जवान भी शामिल थे।
फ्लैग मार्च निकाल कर मतदाताओं को भयमुक्त होकर मतदान करने का संदेश दिया गया। साथ ही चुनाव के दौरान गड़बड़ी करने पर असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी गई कि उनके विरुद्ध सख्त और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि मंगलवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर व अन्य स्थानों पर थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया था। वहीं, बुधवार की शाम नगर थाना पुलिस ने थानाध्यक्ष अजीत कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला था। फ्लैग मार्च के दौरान लोगों से शांतिपूर्ण मतदान की अपील की गई और अफवाहों से दूर रहने का संदेश दिया गया।
बताया गया कि इस इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य चुनाव से पूर्व सुरक्षा की समीक्षा और जनता में विश्वास कायम करना है। बताया गया कि आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा तथा किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने या सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन आचार संहिता के नियमों का अनुपालन कराने को लेकर चौबीसों घंटे सक्रिय मोड में है।

