लापता बच्चों के प्रशिक्षण से गायब 26 पुलिसकर्मी, दो दिन में जवाब तलब
मिशन वात्सल्य पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने के प्रशिक्षण में अनुपस्थिति पर सख्ती, जवाब नहीं देने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी
समस्तीपुर जिले में गुमशुदा व लापता बच्चों से जुड़े मामलों को लेकर आयोजित अहम प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले पुलिस पदाधिकारियों पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विशेष किशोर पुलिस इकाई की ओर से जारी ज्ञापन में 25 से अधिक पुलिस अधिकारियों से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह प्रशिक्षण 10 अप्रैल 2026 को दरभंगा के लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह ऑडिटोरियम में ‘मिशन वात्सल्य पोर्टल’ पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इसमें समस्तीपुर जिले के सभी बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों को शामिल होना अनिवार्य था, लेकिन कई अधिकारी बिना सूचना अनुपस्थित रहे।
जिन पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है उनमें नगर थाना की पूजा कुमारी व पम्मी कुमारी, मुफसिल थाना के कुंदन वासुकी, एससी-एसटी थाना के अजीत कुमार व रजनी कुमारी, सरायरंजन थाना के आनंद कुमार सिंह, कर्पूरीग्राम थाना की वीणा कुमारी, मुरारीघरारी थाना की पिंकी कुमारी, बंगरा थाना के अमित रंजन व शाबाना आजमी, कल्याणपुर थाना के दीपक कुमार झा, मथुरापुर थाना की विमला कुमारी, चकमहेशी थाना के लक्ष्मी गुप्ता व शब्बीर खान, अंगारघाट थाना की निर्मला कुमारी, उजियारपुर थाना की शकिला खातून व राहुल कुमार, घटहो थाना के रमेश कुमार, विद्यापतिनगर थाना के शक्ति कुमार, मोहनपुर थाना के उमेश राम, हलई थाना की श्वेता कुमारी व कृष्ण शर्मा, रोसड़ा थाना के चंदन कुमार, हथौड़ी थाना की प्रियंका कुमारी तथा बिथान थाना के खुशबू कुमारी व शेखर सुमन शामिल हैं।
पुलिस उपाधीक्षक सह प्रभारी पदाधिकारी ने इसे अनुशासनहीनता करार देते हुए सभी को निर्देश दिया है कि वे दो दिनों के भीतर कारण बताएं। निर्धारित समय पर जवाब नहीं देने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

