बिहार

राहुल गांधी का बड़ा हमला, बोले- बिहार सरकार की उलटी गिनती शुरू, 70 सीटों पर अड़ी कांग्रेस

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 नज़दीक आते ही राजनीति तेज हो गई है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिहार सरकार पर बड़ा हमला बोला है. राहुल ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें भूमि सुधार और राजस्व विभाग से बर्खास्त संविदा कर्मियों पर पुलिस लाठीचार्ज करती नज़र आ रही है. इस वीडियो को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा- “रोज़गार मांगने पर मिलती है लाठी, अधिकार की जगह मिलता है अत्याचार. बिहार के युवा अबकी बार इस ‘गुंडा’ सरकार को उसकी असली जगह दिखाएंगे.” राहुल का दावा है कि भाजपा-जदयू की सरकार की “उलटी गिनती शुरू हो चुकी है.”

इधर, महागठबंधन (INDIA ब्लॉक) में सीटों के बंटवारे को लेकर मामला सुलझने की बजाय और पेचीदा हो गया है. 9 सितंबर को दिल्ली में कांग्रेस की अहम बैठक हुई. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने इस बार फिर 70 सीटों पर दावा ठोक दिया है. सिर्फ इतना ही नहीं, पार्टी ने यह भी तय किया है कि अब वह सीटें मनमुताबिक चुनेगी.
कांग्रेस का तर्क है कि राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को अच्छी सफलता मिली है, जिससे पार्टी का जनाधार बढ़ा है. इसी वजह से कांग्रेस सिर्फ संख्या नहीं, बल्कि ‘क्वालिटी सीटों’ पर फोकस कर रही है. बैठक के बाद बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा- “हम जनता के बीच फिर से हर घर अधिकार यात्रा लेकर जाएंगे.”सीएम चेहरे के सवाल पर उन्होंने कोई नाम नहीं लिया. अल्लावरू ने साफ कहा कि “बिहार का मुख्यमंत्री जनता तय करेगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *