सेवानिवृत्ति निकटता पर पुलिसकर्मियों का तबादला, जिले में कई पदस्थापन
स्वैच्छिक विकल्प पर तबादला: जिले से 7 पुलिसकर्मी गए, 6 की जिले में हुई पोस्टिंग
Samastipur : बिहार पुलिस मुख्यालय (कार्मिक एवं कल्याण प्रभाग) ने सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच चुके पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के स्थानांतरण व पदस्थापन को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। इस संबंध में गठित स्थानांतरण समिति की बैठक में प्राप्त अभ्यावेदन, अनुशंसा और विकल्पों पर विचार करते हुए व्यापक स्तर पर तबादले किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, संबंधित कर्मियों को उनके गृह जिला या इच्छित स्थान पर तत्काल प्रभाव से पदस्थापित किया गया है। जारी इस आदेश के अनुसार, जिन पुलिस कर्मियों का समस्तीपुर जिला पुलिस बल में स्थानांतरण हुआ है उसमें दरभंगा जिला पुलिस बल से एसआई महबूब अहमद खां, भागलपुर से महेश्वर पासवान, सारण से बिन्देश्वरी पासवान, सिवान से महबूब शाहिल व मधु शर्मा एवं चालक हवलदार देवेंद्र कुमार भंडारी को मुंगेर से समस्तीपुर जिला पुलिस बल में स्थानांतरण किया गया है।
वहीं, समस्तीपुर में पदस्थापित एसआई नीता देवी को गयाजी, फिरोज खान को औरंगाबाद, अयोध्या प्रसाद को रोहतास, एएसआई चंद्रशेखर साह को जमुई, हवलदार जयराम शर्मा को नालंदा, वंशीधर पोद्दार को बेगूसराय, डीपीसी विष्णुदेव प्रसाद यादव को भागलपुर जिला पुलिस बल में स्थानांतरण किया गया है। मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग और बिहार पुलिस हस्तक नियम के प्रावधानों के अनुरूप की गई है।
नियमों के अनुसार, एक वर्ष के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को स्वैच्छिक स्थान पर तथा दो वर्ष या उससे कम सेवा अवधि शेष रहने वाले कर्मियों को गृह जिला में पदस्थापन का प्रावधान है। इसी आधार पर सभी मामलों का परीक्षण कर निर्णय लिया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह स्थानांतरण अभ्यावेदन के आधार पर किया गया है, इसलिए किसी भी कर्मी को यात्रा या स्थानांतरण भत्ता देय नहीं होगा। इस आदेश को पुलिस महानिदेशक, बिहार की स्वीकृति प्राप्त है।

