नव वर्ष पर जगह-जगह तैनात रहेगी पुलिस, डीएम और एसपी करेंगे क्षेत्र में गश्त
विधि-व्यवस्था को सुदृढ व शांतिपूर्ण बनाए रखना उद्देश्य, बाइकर्स गैंग पर रहेगी विशेष नजर
Samastipur : नव वर्ष के अवसर पर जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ रखने को लेकर डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह खुद क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। इस दौरान चिन्हित जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। बता दें कि आगामी नव वर्ष के अवसर पर विधि-व्यवस्था को सुदृढ एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें समस्तीपुर सहित राज्य के सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों ने वीसी के माध्यम से भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 31 दिसंबर एवं 1 जनवरी के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह से सख्ती के साथ लागू रहनी चाहिए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं एसपी को निर्देशित किया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों तथा प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया है।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि सभी अस्पतालों का निरीक्षण किया जाए, ताकि वहां मरीजों के लिए कंबलों की कोई कमी न हो तथा चिकित्सा कर्मी समय पर उपस्थित रहें। इसके अतिरिक्त, पार्कों, पिकनिक स्पॉट्स एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रह जाए। बैठक में डीजीपी विनय कुमार के द्वारा भी सभी जिलाधिकारियों एवं एसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी ने कहा कि वर्ष के अंतिम दिन एवं नव वर्ष के अवसर पर युवाओं में शराब एवं नशीले पदार्थों की मांग रहती है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। जहां भी शराब या ड्रग्स से संबंधित सूचना प्राप्त हो, वहां नियमित रूप से छापेमारी की जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि वीसी के माध्यम मुख्यालय से मिले निर्देश के तहत जॉइंट ऑर्डर निकाला जा रहा है और संवेदनशील जगहों को चिन्हित कर जवानों व पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरों पर बाइकर्स गैंग अधिक सक्रिय हो जाते हैं, इसलिए इन पर कड़ी नजर रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, ब्लॉक, जिला, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। ड्रग्स एवं अवैध हथियारों के लेन-देन को रोकने के लिए सघन फ्रिस्किंग एवं चेकिंग अभियान चलाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों से तत्काल पूछताछ करने के निर्देश है।
डिस्क्लेमर :- “यह तस्वीर एआई तकनीक से तैयार की गई प्रतीकात्मक इमेज है, जिसका उपयोग केवल समाचार प्रस्तुति हेतु किया गया है।”

