समस्‍तीपुर

होली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 2200 से अधिक पदाधिकारियों व जवानों की तैनाती

शराब तस्करी व जहरीली शराब को लेकर समस्तीपुर जिला हाई अलर्ट पर, पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

Samastipur : होली को देखते हुए पुलिसकर्मियों के सामान्य अवकाश को रद्द कर दिया गया है, ताकि पर्याप्त संख्या में जवान मैदान में मौजूद रहें। क्विक रिस्पांस टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अस्पतालों में प्रयाप्त संख्या में डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती के साथ इमरजेंसी व्यवस्था को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया है। उप विकाश आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) कृष्ण कुमार दिवाकर को विधि-व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्था का वरीय प्रभार में रहेंगे। सभी पदाधिकारियों व जवानों की प्रतिनियुक्ति 2 मार्च से 5 मार्च तक रहेगी। जिले भर में 362 दंडाधिकारी और पदाधिकारी एवं 310 पुलिस पदाधिकारी, 1555 सशस्त्र बल व 430 लाठी बल के महिला-पुरुष जवान तैनात किए गए हैं। जिले और अनुमंडल स्तर पर अग्निशमन दल को तैनात किया गया है। फायर ब्रिगेड वाहन को आवश्यक उपकरणों से लैस किया गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक घटना पर तत्काल कार्रवाई हो सके। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराई गई है। जहां दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति नहीं है वहां चौकीदारों को तैनात किया गया है। होली के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अश्लील और भड़काऊ गाने बजाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

थानाध्यक्ष के साथ पदाधिकारी रहेंगे गश्त पर, शहर में चिन्हित स्थानों पर रहेगी तैनाती

नगर थाना क्षेत्र में दो गश्ती वाहन से बीडीओ व सीओ थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के साथ क्षेत्र के भ्रमण पर रहेंगे। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड संख्याकी पदाधिकारी थाना के पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल के साथ गश्ती पर रहेंगे। इसी तरह कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, थानाध्यक्ष व सशस्त्र बल के साथ गश्ती पर रहेंगे। नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन चौक, बहादुरपुर चौक, रामबाबू चौक, मगरदही चौक, माधुरी चौक, धरमपुर चौक, काशीपुर चौक, काली मंदिर, भोला टॉकिज गुमटी, पंजाबी कॉलोनी, गोला रोड, बड़ी मस्जिद चौक, सोनवर्षा चौक, गणेश चौक व शेख टोली के चिन्हित स्थानों पर, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बेझाडीह, जितवारपुर चौथ, केवस निजामत, चकनूर, मोहनपुर, बिशनपुर, रहीमपुर रुदौली, छतौना व लगुनिया सूर्यकंठ और कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के कर्पूरीग्राम व बिक्रमपुर बांदे में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है।

शराब तस्करी और जहरीली शराब की डिलीवरी को समस्तीपुर जिला हाई अलर्ट पर

होली के मद्देनजर जिले में शराब तस्करी और जहरीली शराब की आपूर्ति रोकने को पुलिस और मद्य निषेध इकाई को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बता दें कि जहरीली शराब से मौत को लेकर समस्तीपुर सहित राज्य के 13 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इसके लिए मुख्यालय स्तर से पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के निर्देश पर जिले को संवेदनशील मानते हुए विशेष समकालीन अभियान शुरू किया गया है। मुख्यालय स्तर से गठित विशेष टीमों के सहयोग से स्थानीय पुलिस शराब के हॉट स्पॉट इलाकों में सघन छापेमारी और सत्यापन अभियान चलाएगी। होली के दौरान अवैध शराब की मांग बढ़ने की आशंका को देखते हुए होम डिलीवरी करने वाले गिरोहों की पहचान कर गिरफ्तारी की तैयारी की गई है। जहरीली शराब कांड से जुड़े आरोपियों तथा शराब व स्पिरिट के कारोबारियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया है। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

सभी अनुमंडलों में स्थापित नियंत्रण कक्ष तीन पालियों में होंगे संचालित

समस्तीपुर, रोसड़ा, दलसिंहसराय और पटोरी अनुमंडल मुख्यालयों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। नियंत्रण कक्ष तीन पालियों में संचालित होगा। जिला नियंत्रण कक्ष में वरीय प्रभार सहित 36 पदाधिकारी, 6 पुलिस पदाधिकारी, 30 सशस्त्र व 60 लाठी बल के महिला-पुरुष के जवान प्रतिनियुक्त किए गए हैं। रोसड़ा अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 14 पदाधिकारी, 3 पुलिस पदाधिकारी एवं 30 सशस्त्र बल के जवान प्रतिनियुक्त किए गए हैं। दलसिंहसराय अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में सुरक्षित सहित 11 पदाधिकारी, 5 पुलिस पदाधिकारी एवं 40 सशस्त्र व 50 लाठी बल के जवान प्रतिनियुक्त किए गए हैं। पटोरी अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 8 पदाधिकारी, 5 पुलिस पदाधिकारी एवं 20 सशस्त्र व 20 लाठी बल के जवान प्रतिनियुक्त किए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *