बिहार

दो हथियार तस्कर गिरफ्तार, चार देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल व 34 गोली बरामद

Patna : अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस की विशेष टीम ने दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान राकेश कुमार और कुन्दन कुमार के रूप में बतायी गई है। यह कार्रवाई पटना पुलिस ने नौबतपुर थाना क्षेत्र में की है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी किसी बड़ी अपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए अपने घर में भारी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद रख रहे थे। राकेश कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों के घर से भारी मात्रा में देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और दर्जनों कारतूस बरामद किए गए। विशेष टीम की कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, फुलवारीशरीफ, नौबतपुर और पिपलॉवा के थानाध्यक्षों की देखरेख में की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सूचना संकलन और तकनीकी अवलोकन के आधार पर की गई।

विशेष टीम की कार्रवाई में धर दबोचे गए अपराधी, पूछताछ जारी

छापेमारी में राकेश कुमार के घर से 03 देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 7.65 बोर के 4 जिन्दा कारतूस, 315 बोर के 30 जिन्दा कारतूस, 315 बोर के 7 खोखा, 7.65 बोर के 6 खोखा, एक सिम लगा हुआ एंड्रॉइड मोबाइल, एक फोल्डेबल चाकू और एक तलवार जब्त किए गए। वहीं, कुन्दन कुमार के घर से एक देशी कट्टा और एक सिम लगा एंड्रॉइड मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों ने हथियारों को छिपाकर रखा था और उनकी गिरफ्तारी से संभावित बड़ी अपराध घटनाओं को रोका गया। एसआईटी और स्थानीय थानों की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। अधिकारी यह भी बता रहे हैं कि गिरफ्तारी से पटना में अवैध हथियार तस्करी पर शिकंजा कसा गया है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *