बहादुरपुर गोलीकांड में घटनास्थल की लोकेशन पर विवाद, जांच सवालों के घेरे में
फायरिंग की घटना में दूसरे पक्ष के मौत की खबर, शव को वाहन के साथ गंगा ब्रिज पर छोड़ा, निष्पक्ष जांच के बाद ही हो सकेगा खुलासा
Samastipur : नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गोलीकांड में दर्ज एफआईआर अब सवालों के घेरे में आ गया है। दर्ज प्राथमिकी में जिस स्थान को घटनास्थल बताया गया है, सूत्रों के अनुसार वास्तविक घटना वहां नहीं बल्कि सिनेमा हॉल के पास हुई थी। वहीं, सूत्रों के अनुसार, इस गोलीबारी में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था, उसकी पटना में इलाज के दौरान मौत होने की खबर है। अब सवाल यह है कि आखिर क्यों जानबूझकर गलत लोकेशन देकर मामला दर्ज कराया गया, यह जांच का विषय बन गया है। बता दें कि बीते मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे प्रॉपर्टी डीलर सह सिने कारोबारी अंटू ईश्वर पर अंधाधुंध फायरिंग में उनके सहयोगी शुभम सिंह उर्फ ईशू घायल हुए थे। इधर पुलिस कथित घटनास्थल के आसपास जांच में जुटी है, जबकि उसे वास्तविक स्थान के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की जरूरत बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस दूसरी दिशा में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बता दें कि अंटू ईश्वर के आवेदन पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मगरदही वार्ड संख्या 35 निवासी महेश्वर राय के पुत्र शत्रुध्न राय, मथुरापुर थाना क्षेत्र के शेखोपुर के स्व. अमरेंद्र सिंह के पुत्र राजीव सिंह उर्फ पुल्लू सिंह, नगर थाना क्षेत्र के कबीर आश्रम स्टेशन रोड के स्व. लालबाबू राय के पुत्र राहुल यादव उर्फ चुसनी, स्टेशन रोड वार्ड संख्या 23 निवासी मनीराम उर्फ मनीया तथा कबीर आश्रम स्टेशन रोड निवासी मो. महफूज खान के पुत्र लक्की खान व पांच से सात अज्ञात को आरोपित किया गया है। वहीं, इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि पुलिस दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, अनुसंधान में जुटी हुई है।

