समस्‍तीपुर

मुखिया मनोरंजन गिरी हत्या मामला: ढाई महीने बाद भी मुख्य आरोपी फरार, पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार

समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरी की हत्या को लेकर पुलिस की जांच अब कटघरे में है। घटना के ढाई महीनों बीतने के बाद भी पुलिस इस मामले के मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इसी उदासीनता से आहत होकर मृतक मुखिया की पत्नी जुली कुमारी ने मंगलवार को समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक से मिलकर कार्रवाई तेज करने की मांग की।

“परिवार डर में जी रहा है… आरोपी खुलेआम घूमते हैं” – मृतक की पत्नी 

एसपी को सौंपे आवेदन में जुली कुमारी ने बताया कि उनके पति को 25 सितंबर की रात मोबाइल कॉल कर सातनपुर पानी टंकी के पास बुलाया गया, जहां उनकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद उन्होंने चार आरोपितों को नामजद करते हुए उजियारपुर थाना में आवेदन दिया था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ढाई महीने बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी सहित कई नामजद अपराधी उजियारपुर क्षेत्र में निडर होकर घूमते दिख रहे हैं। इससे उनके परिवार पर किसी भी अनहोनी का खतरा बनी रहता है।

कई आरोपी पुराने शातिर, फिर भी कार्रवाई सुस्त

जुली कुमारी के मुताबिक जिन लोगों को उन्होंने नामजद किया है, उनमें से कई पर हत्या, लूट, दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में कार्रवाई हो चुकी है और वे पहले जेल भी जा चुके हैं। इसके बावजूद इस केस में पुलिस की कार्रवाई बेहद सुस्त है। उन्होंने एसपी से कहा कि पुलिस की ढिलाई के कारण न सिर्फ न्याय में देरी हो रही है, बल्कि उनका परिवार भी लगातार असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।

“मैं सिर्फ न्याय चाहती हूं” – पीड़िता

जुली कुमारी ने कहा कि वह किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रही हैं, बल्कि सिर्फ यह चाहती हैं कि उनके पति के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि उनके परिवार को सुरक्षा का भरोसा मिल सके। बता दें कि करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरी की हत्या 25 सितंबर की रात उस समय हुई थी, जब उन्हें मोबाइल कॉल कर सातनपुर के पास बुलाया गया था। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *