समस्‍तीपुरक्राइम

लंदन से गिफ्ट भेजने का झांसा, युवक से 2.15 लाख की साइबर ठगी

रिश्तेदार बनकर कॉल किया, डिलीवरी के नाम पर चार किश्तों में ठगी; प्राथमिकी दर्ज

Samastipur : लंदन से गिफ्ट भेजने के नाम पर दो लाख 15 हजार रुपए की साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। इसको लेकर पीड़ित के द्वारा साइबर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़ित मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के धमगामा वार्ड 13 के रामनरेश ठाकुर के पुत्र विष्णु कुमार ठाकुर हैं। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, साइबर ठगों ने उन्हें फोन कर खुद को उनकी मौसी का बेटा बताया और लंदन से महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर उनसे कुल दो लाख 15 हजार रुपए ठग लिए। उसने एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल कर लंदन में रहने की बात कही। उसने कहा कि वह भारत में महंगे सामान जैसे हार सेट, साड़ी, डायमंड रिंग, आईफोन, गोल्ड रिंग और झुमका भेज रहा है। इसके पांच दिन बाद दूसरे नंबर से कॉल आया और उसने खुद को डिलीवरी बॉय बताया और पार्सल देने के नाम पर पहले पैसे की डिमांड की। साथ ही उसने एक्सीडेंट का बहाना बनाकर इलाज के लिए रुपए भेजने को कहा।

पीड़ित ने साइबर बदमाशों के झांसे में आकर उन्हें फोन-पे के माध्यम से एक लाख रुपए भेज दिया। इसके बाद भी उनसे और रुपए भेजने की डिमांड की गई। जिसके बाद पीड़ित ने ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से अलग-अलग समय पर 50 हजार, 30 हजार और 35 हजार रुपए और भेज दिए। पैसे भेजने के बावजूद पार्सल नहीं मिला, तब जाकर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है। वहीं, प्राथमिकी दर्ज कर साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *