नए साल से पहले बकरी चोरों का आतंक, छह से अधिक घटनाओं में 74 से अधिक बकरियों की चोरी
पुलिस बनकर रात में ग्रामीण इलाकों में स्कॉर्पियो-पिकअप से घूम रहे हैं बकरी चोर
Samastipur : नए साल के जश्न से पहले जिले में बकरी चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। चोर स्कॉर्पियो, पिकअप जैसे बड़े चार पहिया वाहनों से रात के अंधेरे में पहुंचकर और खुद को पुलिस बताकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं से पशुपालकों में दहशत का माहौल व्याप्त है। बीते एक से दो सप्ताह के भीतर ही इससे जुड़ी आधा दर्जन से अधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन वारदातों में कई दर्जन बकरियों की चोरी हुई है, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, पिछले एक-दो सप्ताह के दौरान चोरों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से करीब 74 से अधिक बकरी और बकरों की चोरी की है। चोरी गए पशुओं की कुल कीमत लगभग आठ लाख रुपए आंकी जा रही है। अधिकांश घटनाएं देर रात की हैं, जब लोग गहरी नींद में होते हैं और चोर सुनसान इलाकों का फायदा उठाकर बकरियों को लेकर फरार हो जाते हैं।
सीएम महिला रोजगार योजना के तहत खरीद की गई बकरियों को चुरा ले गए चोर
बताया जा रहा है कि नए साल के अवसर पर मांस की मांग में अचानक इजाफा हो जाता है। होटल, ढाबों, पार्टी आयोजनों और निजी समारोहों में बकरे के मांस की खपत बढ़ने से बकरी चोर गिरोह सक्रिय हो जाते हैं। चोरी की गई बकरियों को सस्ते दामों पर दूसरे जिलों या कस्बों में बेचकर चोर त्वरित मुनाफा कमाते हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पशुपालकों में भय का माहौल है। सबसे अधिक घटनाएं विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में सामने आई हैं। इसी थाना क्षेत्र की पीड़िता चंपा देवी ने बताया कि सीएम महिला रोजगार योजना के तहत मिले 10 हजार रुपए से उन्होंने चार बकरियां खरीदी थीं। बकरियां घर के बरामदे में बंधी हुई थीं। इसी दौरान चार पहिया वाहन से पहुंचे चोर खुद को पुलिस बताकर आए और चारों बकरियों को चोरी कर ले गए।
केस एक
सिंघिया थाना क्षेत्र के सिंघिया पेंसल्ला मुख्य पथ पर नरकटही पुलिया के पास बीते 15 दिसंबर की देर रात पैकरा गांव के मुखिया चौपाल के फॉर्म का जाल काट कर अपराधियों ने डेढ़ लाख के 17 बकरी व खस्सी की चोरी कर ली। चोरी के दौरान चोरों ने फॉर्म के एक कमरे में सो रहे फॉर्म संचालक के दरवाजे को बाहर से लॉक कर दिया।
केस दो
रोसड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-15 अंतर्गत पंचवटी चौक, भास्कर मिशन स्कूल रोड, थतिया में बीते 25 दिसंबर की देर रात स्कॉर्पियो सवार पांच अज्ञात चोरों के द्वारा उनकी झोपड़ी से चार बकरे व अन्य सामान की चोरी कर ली गई। शोर मचाने पर सभी चोर फरार हो गए। पीड़ित संतोष कुमार महतो ने पुलिस से इसकी शिकायत की थी।
केस तीन
विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या आठ में 19 दिसंबर की देर रात चारपहिया वाहन से पुलिस की वर्दी में आए अज्ञात चोरों के द्वारा तीन अलग-अलग स्थानों से छह बकरियों की चोरी कर ली गई। पूछे जाने पर उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया था और कहा था कि वह लोग शराब की तलाश कर रहे हैं।
केस चार
विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 9 में बीते 9 दिसंबर की रात दो अलग-अलग स्थानों से छह बकरियों की चोरी हुई थी। पीड़ित राम बहादुर महतो के अनुसार, चार बदमाशों ने पुलिस की वर्दी में आकर इस वारदात को अंजाम दिया। इसके दो दिन बाद ही निकटवर्ती शेरपुर ढेपुरा पंचायत के दो अलग-अलग स्थानों से पांच बकरों की चोरी हुई थी।
केस पांच
विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मलकल्लीपुर गया में 20 दिसंबर की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों के द्वारा एक बकरी फार्म से लगभग 32 बकरों की चोरी कर ली गई। पीड़ित मोहम्मद नसीम के अनुसार, चोर पिकअप गाड़ी लेकर आए थे और सभी बकरों को चुराकर ले गए। इस घटना से उन्हें तीन लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।

