समस्‍तीपुर

नकली सोना जमा कर बैंक से लोन लेने पर 3 खाता धारक व 4 स्वर्ण जांचकर्ता के विरुद्ध एफआईआर

बैंक को हुआ 11 लाख का 20 हजार 999 रुपए व ब्याज का आर्थिक नुकसान

Samastipur : एक पब्लिक सेक्टर के बैंक में नकली सोना जमा कर लाखों रुपए का लोन लेने के धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इसमें बैंक की ओर से कार्रवाई को लेकर नगर थाना से शिकायत की गई है। मामला शहर के इंडियन बैंक शाखा का है। इसको लेकर बैंक के मण्डलीय कार्यालय मुजफ्फरपुर की मण्डलीय प्रमुख प्रेरणा कुमारी ने नगर थाना में एक आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, इस धोखाधड़ी में इंडियन बैंक समस्तीपुर शाखा को 11 लाख 20 हजार 999 रुपए एवं ब्याज का आर्थिक नुकसान हुआ है। इसको लेकर इंडियन बैंक समस्तीपुर शाखा के तीन गोल्ड लोन खाता धारक और चार पैनल जांचकर्ता को नामजद आरोपित किया गया है। इसमें इंडियन बैंक समस्तीपुर शाखा में सोने का नकली आभूषण गिरवी रखकर गोल्ड लोन स्वीकृत कराने के आरोप में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कोरबद्धा लगुनियां सुर्यकंठ के जगदीश महतो के पुत्र रवि रंजन कुमार, आजादनगर मोहल्ला के सुरेश राय की पत्नी आशा देवी, नगर थाना क्षेत्र के गोला रोड भूतनाथ चौक के योगेन्द्र प्रसाद के पुत्र मुकेश कुमार के विरुद्ध को आरोपित किया गया है।

अपने कर्तव्यों का सही से पालन नहीं करने वाले और नकली आभूषणों की प्रमाणिकता की जांच नहीं करने वाले स्वर्ण जांचकर्ताओं को भी साथ में आरोपित किया है। इसमें स्वर्ण जांच कर्ता नगर थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार निवासी सिंघल ज्वेलर्स के संचालक लखन लाल गुप्ता के पुत्र मोहन कुमार, गुप्ता आभूषणालय के संचालक राम नारायण प्रसाद गुप्ता के पुत्र राजू कुमार गुप्ता, पटोरी थाना क्षेत्र के सिनेमा चौक निवासी विजय ज्वेलर्स के संचालक विजय कुमार गुप्ता के पुत्र विपिन कुमार, भोजपुर जिला के आरा स्थित कर्मनटोल निवासी सुरेन्द्र प्रसाद के पुत्र अरुण कुमार के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। वहीं, इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *