मुसरीघरारी, दलसिंहसराय और रोसड़ा पथ पर ई-रिक्शा के परिचालन पर लगेगी रोक
नेशनल और स्टेट हाइवे पर ई-रिक्शा का परिचालन होगा बंद, विभाग चलाएगी अभियान
पकड़े जाने पर डेंजरस ड्राइविंग के तहत वसूला जाएगा जुर्माना, जुगाड़ ठेला गाड़ी को किया जाएगा जब्त
Samastipur : राज्य के अन्य जिलों सहित समस्तीपुर जिले में भी जुगाड़ गाड़ियों के चलने पर रोक लगाई गई है। साथ ही नेशनल और स्टेट हाइवे पर ई-रिक्शा के परिचालन पर भी रोक लगाई गई है। इस नियम के लागू होने पर जिले से होकर गुजरने वाले कई नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर ई-रिक्शा का परिचालन बंद कराने के लिए जिला परिवहन विभाग अभियान चलाएगी। परिवहन विभाग का मानना है कि इन मार्गों पर ई-रिक्शा का परिचालन खतरनाक है। ई-रिक्शा की गति कम होती है और वे हल्के वाहन होते हैं, जबकि हाईवे पर तेज रफ्तार बसें, ट्रक और कारें चलती हैं। इससे दुर्घटना और जानमाल की हानि का खतरा बहुत बढ़ जाता है। हाइवे के डिजाइन के अनुकूल नहीं नेशनल और स्टेट हाईवे को तेज गति और भारी वाहनों के लिए बनाया जाता है। ई-रिक्शा न तो गति पकड़ पाते हैं और न ही अचानक ब्रेक या मोड़ सुरक्षित रूप से ले सकते हैं। विभाग का कहना है कि इन नियमों का सख्ती के साथ पालन कराया जाएगा। वहीं, एनएच और एसएच पर चलने वाले ई-रिक्शा चालकों से डेंजरस ड्राइविंग के तहत पांच हजार रुपए जुर्माना वसूल किया जाएगा।
जुगाड़ ठेला गाड़ियों को किया जाएगा जब्त
जिले में जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। ये वाहन बिना पंजीकरण, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र और बिना बीमा के सड़कों पर चल रहे हैं। यह मोटर वाहन अधिनियम का सीधा उल्लंघन है। जुगाड़ गाड़ियां तकनीकी रूप से सुरक्षित नहीं होतीं। न ही इन्हें तय मानकों के अनुसार बनाया जाता है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इनका उपयोग यात्री और माल ढुलाई दोनों के लिए हो रहा है। इनमें ब्रेक प्रणाली भरोसेमंद नहीं होती। लाइट, संकेतक और अन्य सुरक्षा उपकरण भी नहीं लगे होते। इन्हे जब्त कर संबंधित थाने को सुपुर्द किया जाएगा। जहां विभागीय आदेश के बाद उन्हें नष्ट किया जाएगा।
इन मार्गों पर ई-रिक्शा का परिचालन कराया जाएगा बंद
जिले के एनएच-28, शहर के बीचों-बीच होकर गुजरने वाली एनएच-322, रोसड़ा-दरभंगा एनएच-527-ई, एसएच-49 ताजपुर-महुआ मार्ग, एसएच-50 समस्तीपुर-दरभंगा मार्ग और समस्तीपुर-रोसड़ा मुख्य मार्ग एसएच-55 व अन्य नेशनल एवं स्टेट हाईवे पर परिचालन बंद कराया जाएगा।
——————————————–
विभाग के निर्देशानुसार, जिले में अभियान चलाकर एनएच और एसएच पर ई-रिक्शा का परिचालन बंद कराया जाएगा। चलते पकड़े जाने पर उनसे जुर्माना वसूल किया जाएगा। जुगाड़ ठेला गाड़ियों का भी परिचालन बंद कराया जाएगा।
सौरभ कुमार, प्रभारी डीटीओ सह एडीटीओ, समस्तीपुर

