डॉ. सुधीर कुमार कर्ण बने श्रीरामजानकी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, डॉ पूनम अधीक्षक व डॉ राणा उपाधीक्षक
Samastipur : बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा शिक्षा सेवा संवर्ग के तीन वरिष्ठ चिकित्सकों को स्थानांतरण के बाद अगले आदेश तक श्रीरामजानकी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, समस्तीपुर में विभिन्न पदों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, डॉ. सुधीर कुमार कर्ण, वर्तमान में दरभंगा मेडिकल कॉलेज, लहेरियासराय (दरभंगा) में ईएनटी विभाग में प्राध्यापक को श्रीरामजानकी चिकित्सा महाविद्यालय, समस्तीपुर में प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। डॉ. पूनम कुमारी, दरभंगा मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग में प्राध्यापक, को श्रीरामजानकी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, समस्तीपुर में अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. राणा विश्व विजय सिंह, अनुमंडलीय अस्पताल, रोसड़ा (समस्तीपुर) में विशेष चिकित्सा पदाधिकारी (मुख्य) सह प्रभारी उपाधीक्षक, को श्रीरामजानकी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, समस्तीपुर का उपाधीक्षक बनाया गया है।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि नियुक्त प्राचार्य व अधीक्षक को बिहार कोषागार संहिता, 2011 के नियम-84 के अंतर्गत संबंधित संस्थान के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की शक्तियां प्राप्त होंगी। साथ ही, पूर्व से पदस्थापित चिकित्सकों को निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित पद का प्रभार सौंपना सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस विषय से संबंधित पूर्व में जारी कोई आदेश या अधिसूचना हो, तो वह इस आदेश की सीमा तक संशोधित मानी जाएगी। आदेश को सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति प्राप्त है।

