समस्‍तीपुर

दो वर्ष पुराने गृहभेदन के मामले में उजियारपुर के बेलारी से एक बदमाश गिरफ्तार

Samastipur : मुफ्फसिल थाना पुलिस ने दो वर्ष पुराने गृहभेदन के एक मामले में एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलारी के मटर साह ऊर्फ गंगा प्रसाद साह के पुत्र प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। इस संबंध में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में 25 दिसंबर की रात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर चौथ स्थित एक बंद घर में अज्ञात चोरों के द्वारा चोरी की घटना की गई थी। पीड़ित गृह स्वामी जितवारपुर वार्ड नंबर 18 के तहसीन अशरफ के रिश्तेदार मो. शाहिद आलम के द्वारा मुफ्फसिल थाने में दिए आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज किया गया था।

दर्ज एफआईआर के अनुसार, गृह स्वामी इलाज के लिए दिल्ली गए हुए थे। चोरों ने बंद घर में रखे लाखों रुपए मूल्य के स्वर्ण आभूषण व दो लाख रुपए नगद की चोरी कर ली थी। पुलिस ने इस मामले में पूर्व में कुछ बदमाशों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार चोरों से पूछताछ में बेलारी के प्रशांत का भी नाम आया था। पुलिस की एक टीम ने उसके घर के पास स्थित एक दुकान के पास से गिरफ्तार किया है। प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *