समस्‍तीपुरक्राइम

अवैध हथियार संग पकड़े गए अपराधी, सप्लायर का नाम भी उजागर, लचर अनुसंधान से नेटवर्क का खुलासा नहीं

ई-रिक्शा की आड़ से पिस्टल सप्लाई, 11 महीने बाद भी धरमपुर के सप्लायर पुलिस की पकड़ से बाहर

Samastipur : जिले में अवैध हथियार और गोली के साथ अपराधी-बदमाश तो गिरफ्तार हो रहे हैं, लेकिन उनके पास हथियार कहां से पहुंच रहे हैं, यह पुलिस पता नहीं लगा रही है। इस कारण जिले में हथियार तस्करी जोरों पर है। जिले में हथियार तस्कर पूर्व में पकड़े गए हैं। इसमें जिले के साथ-साथ दूसरे जिलों के बदमाश भी शामिल हैं। वहीं, जिले के बदमाश दूसरे जिलों में पकड़े जा चुके हैं। बता दें कि पिछले वर्ष पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग कई बड़े व अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए थे और अंतरजिला सहित कई तस्करों को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन लचर अनुसंधान की वजह से उनके नेटवर्क का खुलासा नहीं हो पाया। बता दें कि पूछताछ में सप्लायर का भी नाम सामने आया है, लेकिन उनके नेटवर्क के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इस कारण जिले में अवैध हथियारों का धंधा जारी है। मुसरीघरारी पुलिस ने पिछले वर्ष दो मार्च को चौसिमा गांव के सामने एनएच-28 पर वाहन जांच के दौरान ई-रिक्शा चलाने के आड़ में हथियार तस्करी करने वाले पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र के शिवनार वार्ड छह के निर्धन पासवान के पुत्र पप्पू कुमार ऊर्फ प्रेम बाबू को गिरफ्तार किया था। वह शहर के धरमपुर से हथियार खरीद कर ले जा रहा था। उसके पास से पुलिस ने चार पिस्टल, आठ मैगजीन और 62 गोली बरामद किया था। पूछताछ में उसने शहर के धरमपुर के दो हथियार सप्लायर का नाम पुलिस को बताया था। बरामद मोबाइल की जांच एवं इंस्टाग्राम आईडी व उसमें अपलोड तस्वीर के माध्यम से उनकी पहचान भी हुई थी। हालांकि, इस घटना के लगभग 11 महीने होने को हैं और पुलिस उनके नेटवर्क को खंगाल तक नहीं सकी है।

मोहिउद्दीननगर से बरामद एके-47 व अन्य अत्याधुनिक हथियारों गुत्थी अनसुलझी, सरकारी फैक्ट्रियों से जुड़ा है कनेक्शन

जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में पिछले वर्ष छह जून को एसटीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त छापेमारी में एक निलंबित एएसआई सरोज सिंह को गिरफ्तार किया था। उसके पास से एके-47, एक इंसास राइफल, एक कार्बाइन, 133 जिंदा कारतूस और अन्य हथियार बरामद किया गया था। बरामद प्रतिबंधित एके-47 राइफल सहित भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार और गोली कहां से उसके पास पहुंचा इसका पुलिस आज तक यह पता नहीं लगा सकी है। बरामद एके-47, इंसास और 30.06 स्पोर्टिंग राइफल सहित कारतूसों पर अंकित कोड डिकोड करने पर हथियारों और गोलियों की सीरियल पहचान से यह स्पष्ट संकेत मिले थे कि इनका स्रोत देश की सरकारी फैक्ट्रियां हो सकती हैं। जब्त हथियार और गोली महाराष्ट्र पश्चिम बंगाल के सरकारी फैक्ट्री से जुड़े होने का संकेत मिले थे। जब्त हथियार और गोली पर अंकित कोड के अनुसार, महाराष्ट्र स्थित दो सरकारी गोला बारूद फैक्ट्री और हथियार पश्चिम बंगाल के एक सरकारी हथियार फैक्ट्री से जुड़े होने के संकेत मिले थे।

डिलेवरी देने जा रहे मथुरापुर के दो हथियार तस्करों के गिरोह का नहीं हुआ खुलासा

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के सोनबरसा चौक के पास पुलिस ने पिछले वर्ष 10 सितंबर की रात गश्ती के दौरान दो हथियार तस्करों को पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार हथियार तस्करों की पहचान मथुरापुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर घाट निवासी जाफर अहमद के पुत्र आजम तुला एवं अलाउद्दीन के पुत्र शहाबुद्दीन के रूप में हुई थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों बदमाशों के हथियार तस्कर गिरोह से जुड़े होने का खुलासा हुआ था। वह कहीं कारतूस की डिलीवरी करने जा रहे थे। हालांकि, पुलिस आज तक न ही उनके गिरोह का खुलासा कर सकी है और यह भी नहीं पता लगा सकी कि वह कहां और किसे कारतूस की डिलीवरी करने जा रहे थे।

खगड़िया और मुंगेर में गिरफ्तार हो चुके हैं हसनपुर के तीन बदमाश, समस्तीपुर में करते थे डिलेवरी

मुंगेर जिले से हथियार खरीद कर आ रहे समस्तीपुर जिले के एक तस्कर को खगड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस ने छह देशी कट्टा, एक मोबाइल फोन और एक पिट्टू बैग बरामद किया गया है। गिरफ्तार हथियार तस्कर की पहचान समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के भरवारा के रामबालक यादव के पुत्र रामनाथ यादव (30 वर्ष) के रूप में हुई है। गिरफ्तार हथियार तस्कर से की गई पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह मुंगेर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से हथियार लेकर आ रहा था और समस्तीपुर में किसी व्यक्ति को डिलीवरी करने वाला था। वहीं, मुंगेर से हथियार खरीद कर दलसिंहसराय में डिलेवरी देने जा रहे समस्तीपुर जिले के दो हथियार तस्करों को मुंगेर पुलिस ने पिछले वर्ष अप्रैल महीने गिरफ्तार किया था। पकड़े गए तस्करों के पास से पुलिस ने दो कट्टा, एक पिस्टल, 10 गोली, एक मैगजीन और एक बाइक बरामद किया था। गिरफ्तार हथियार तस्करों की पहचान समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के खोरी गांव के तुरंत लाल महतो के पुत्र लालो कुमार एवं बल्लहपुर गांव के गरीब लाल यादव के पुत्र धर्मेंद्र कुमार ऊर्फ बबलू यादव के रूप हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *