17100 बोतल विदेशी शराब लोड कन्टेनर जब्त, हरियाणा निवासी चालक व उपचालक गिरफ्तार
Samastipur : मद्य निषेद्य टीम से मिली गुप्त सूचना के आधार पर मथुरापुर थाना पुलिस ने बीते 12 अक्टूबर की रात हांसा स्थित चेक पोस्ट पर नाकाबंदी कर एक कन्टेनर विदेशी शराब जब्त करते हुए कन्टेनर के चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया है। बरामद विदेशी शराब की मात्रा 5236.2 लीटर बतायी गई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के गनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत उदैशीपुर के राजेन्द्र सिंह के पुत्र सुनील कुमार एवं धर्मपाल सिंह के पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है।
एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मथुरापुर थानाध्यक्ष पुअनि राहुल कुमार को मद्य निषेद्य टीम से गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से आयी विदेशी शराब लोड एक कन्टेनर जिसका निबंधन संख्या-एचआर-63ई-3615 है, समस्तीपुर के तरफ से खानपुर के तरफ जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं जांच के लिए मथुरापुर थानाध्यक्ष के द्वारा वरीय पदाधिकारी को सूचित किया गया। वहां से मिले निर्देश के बाद थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के साथ हांसा स्थित चेक पोस्ट पर नाकाबंदी कर समस्तीपुर के तरफ आने-जाने वाले वाहनों का सघन जांच प्रारंभ किया गया। इसी दौरान उस कन्टेनर के चालक एवं उप-चालक पुलिस चेकिंग देख कर कुछ दूर पहले ही कन्टेनर रोक कर भागने लगे, जिन्हें साथ के पुलिस बल के सहयोग से पकड़ा गया एवं पूछताछ की गई।
कन्टेनर की तलाशी लेने पर उसमें 750 एमएल का 1980 बोतल, 375 एमएल का 5280 बोतल एवं 180 एमएल का 9840 बोतल कुल-5236.2 लीटर रॉयाल ग्रिन व्हिस्की पाया गया। पकड़े गए दोनों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के सुसंगत धाराओं में मथुरापुर थाना में कांड दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसमें अन्य व्यक्तियों के संलिप्ता एवं बैकवर्ड, फारवर्ड लिंक कि जांच को लेकर पुलिस अनुसंधान कर रही है।

