राजस्व कर्मचारी को 5 हजार की घूस लेते निगरानी विभाग ने रंगे हाथों दबोचा
भ्रष्टाचार पर निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जहानाबाद जिले के सदर अंचल कार्यालय के एक राजस्व कर्मचारी को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मंगलवार को हुई इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान अविनाश कुमार अनिल के रूप में हुई है, जो सदर अंचल के मांदिल, गोनवां और पंडुई पंचायतों का काम देखता था। वह परसबीघा थाना क्षेत्र के शाहपुर-पिंजौर गांव निवासी सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी पुष्कर कुमार से जमीन के दाखिल-खारिज के नाम पर रिश्वत मांग रहा था।
लंबे समय से चल रहे उत्पीड़न से तंग आकर पुष्कर कुमार ने पटना स्थित राज्य निगरानी विभाग से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि के लिए टीम ने दो दिन तक गुप्त जांच की और आरोपों को सही पाया। इसके बाद मंगलवार को जैसे ही अविनाश ने पांच हजार रुपये की घूस ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे निगरानी विभाग के डीएसपी गौतम कृष्ण ने बताया कि आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर पटना ले जाया गया है, जहां उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी काम के बदले घूस मांगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी के साथ अंचल कार्यालय में एक दलाल भी सक्रिय था, जो इस पूरे खेल में उसकी मदद करता था। हालांकि वह इस बार निगरानी के जाल से बच गया, लेकिन उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

