बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूट मामले में 25 हजार रुपए का इनामी अपराधी एसटीएफ के सहयोग से गिरफ्तार
सात महीने और 15 गिरफ्तारियों के बाद भी करीब 7 करोड़ का सोना व 13 लाख रुपए नहीं हो सका बरामद
Samastipur : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीपुर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई डकैती की घटना के सात महीने बाद भी पुलिस अब तक करीब सात करोड़ रुपए के सोने और करीब 13 लाख रुपए की बरामदगी नहीं कर सकी है। पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल 15 बदमाशों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, अधिकांश गिरफ्तारियां बिहार एसटीएफ व अन्य जिलों की पुलिस के सहयोग से हुई है। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के कार्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी सह सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस मामले एसपी समस्तीपुर के निर्देश पर व उनके नेतृत्व में गठित एसआईटी और एसटीएफ बिहार के द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में कांड के एक वांछित और फरार कुख्यात अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटोरी थाना क्षेत्र के उत्तरी धमौन निवासी यदुवंश राय के पुत्र बैजनाथ कुमार के रूप में हुई है, जिस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
मुंबई था छिपा हुआ, सोने को ठिकाने लगाने के था आया और पकड़ा गया
यदुवंश राय के विरुद्ध पटोरी, मुसरीघरारी व नगर थाने में कुल 14 आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं। डकैती की घटना को अंजाम देने के बाद वह मुंबई भागकर छिप गया था। वह 14 दिसंबर को लूटे गए आभूषण को ठिकाने लगाने के लिए घर आया हुआ था। इसी दौरान उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर 65 ग्राम लूटा हुआ सोना भी बरामद किया गया है।
15 बदमाशों की गिरफ्तारी के बावजूद 6.26 किलो सोना और 13 लाख रुपए अब तक बरामद नहीं
शहर के काशीपुर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र बीते सात मई को छह-सात अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर बैंक कर्मियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया था। अपराधियों ने बैंक से 15 लाख 2 हजार 791 रुपए नकद, सोना, मोबाइल फोन तथा बैंक से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात की लूट की थी। इतनी गिरफ्तारी व इतने महीनों के बाद भी लूट का बड़ा हिस्सा आज भी पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। बता दें कि बैंक से लूटे गए कुल सोने में से 6.264814 किलोग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 92 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा शेष नकद राशि की बरामदगी अब तक नहीं हो सकी है। इससे पुलिस की जांच और बरामदगी प्रक्रिया की स्थिति को जाना जा सकता है।
ये आभूषण हुए बरामद, छापेमारी में शामिल रहे ये पदाधिकारी
बता दें कि अपराधी बैजनाथ कुमार की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने सोने का एक मंगलसूत्र, सोने का एक चेन, सोने का एक हार, चार पीस सोने की चूड़ी एवं दो पीस सोने का झुमका बरामद किया है। पुलिस की छापेमारी टीम में पुनि शिवकुमार यादव, एसटीएफ बिहार की टीम, नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार एवं पुअनि वत्स राहुल राजहंस शामिल थे।

