प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान कार्यक्रम के तहत की गई 86 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच
Samastipur : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सदर अस्पताल के पैथोलॉजी लैब में गर्भवती महिलाओं के लिए एएनसी (प्रसवपूर्व देखभाल) जांच शिविर आयोजित किया गया। इसमें शाम तक 86 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। यह जांच शिविर प्रयोगशाला प्रावैधिक संतोष कुमार के नेतृत्व व दिशा-निर्देशन में आयोजित की गई थी। बता दें कि गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व देखभाल प्रदान करने को लेकर हर महीने की 9, 15 और 21 तारीख को एएनसी जांच कैंप लगाए जाते हैं।
इस एएनसी जांच शिविर में गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसवपूर्व देखभाल, उच्च रक्तचाप, एनीमिया, शुगर और यूटीआई जैसी समस्याओं का पता लगाने के लिए निशुल्क जांच की जाती है। साथ ही गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य जांच के बाद जरूरी चिकित्सा परामर्श भी दी गई। जिसमें रहन-सहन, साफ-सफाई, खान-पान, गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां सहित कई अन्य चिकित्सकीय परामर्श शामिल रहे। ताकि सुरक्षित और सामान्य प्रसव को बढ़ावा मिल सके और मातृ-शिशु मृत्यु दर पर विराम सुनिश्चित हो सके।

