हथियार के बल पर समूह कर्मी से दिनदहाड़े 6.95 लाख की लूट, अपराधियों के आगे बेबस पुलिस
थानेश्वर पुल से डीआरएम ऑफिस तक, लूट-छिनतई की घटनाओं से दहशत में शहरवासी
बड़े मामलों का खुलासा अधर में, पुलिस महज एफआईआर दर्ज कर पल्ला झाड़ रही
Samastipur : बाइक सवार हथियार बंद बेखौफ अपराधियों के द्वारा नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 सरोजिनी गली में बुधवार को दिनदहाड़े समूह कर्मी से छह लाख 95 हजार 631 रुपए की लूट कर ली गई। अपराधी दो की संख्या में थे और घटना दोपहर एक बजे के करीब की बतायी गई है। घटना के बाद दोनों बदमाश गली होते हुए आजादनगर की तरफ फरार हो गए। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। घटना के संबंध में समूह के ब्रांच ऑपरेशनल मैनेजर शेखपुरा के शशिकांत कुमार ने बताया कि वह बैग में रुपए लेकर पंजाब नेशनल बैंक बैंक में जमा कराने के लिए अपने साथी और समूह के असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर खगड़िया निवासी आनंद कुमार अमर के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान समूह कार्यालय से 100 मीटर की दूरी पर ही बाइक सवार दो की संख्या में आए अपराधियों ने पिस्टल सटा कर रुपयों भरा बैग ले लिया और दोनों फरार हो गए। घटना के दौरान बाइक चला रहे असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर आनंद कुमार अमर ने बताया कि वह दोनों लोग बाइक से रुपए जमा कराने जा रहे थे। ब्रांच ऑपरेशनल मैनेजर शशिकांत कुमार पीछे बैठे हुए थे। हेलमेट लगाए बाइक सवार बदमाश तेजी से आए उन्हें रोका और हथियार के बल पर रुपए लूट लिया। अपराधी ब्लू रंग की अपाचे बाइक से थे और उनकी उम्र 30 वर्ष के आसपास की बतायी गई है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद वरीय पदाधिकारियों के द्वारा मुफ्फसिल पुलिस को भी छानबीन के लिए घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस टीम अपराधियों के भागने की दिशा में अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई थी। ताकि उनकी पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।
थानेश्वर पुल पर बाइक सवार बदमाश महिला से पर्स छीनकर फरार, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
शहर में लूट, छिनतई व चोरी की घटना आए दिन हो रही है। पुलिस इस पर रोक लगाने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। नगर थाना से सटे थानेश्वर पुल पर बीते मंगलवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से उसका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पीड़िता की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी संजय कुमार सिंह की पत्नी गुंजन कुमारी के रूप में बतायी गई है। पीड़िता के अनुसार, वह अपनी मां के साथ मार्केट से कुछ जरूरी काम निपटा कर थानेश्वर पुल के रास्ते डॉक्टर के पास जा रही थी। इसी दौरान पुल पर एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उससे जबरदस्ती उसका पर्स छीन लिया और बदतमीजी करते हुए फरार हो गए। पर्स में करीब पांच हजार नगद, एक मोबाइल के साथ एटीएम, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी कागजात थे। महिला का आरोप है कि जब वह घटना की शिकायत को लेकर आवेदन देने गई तो पुलिसकर्मियों ने उनका आवेदन नहीं लिया और उन्हें वकील से आवेदन लिखवाकर लाने को कहा। वहीं, इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर में लगातार लूट-छिनतई, पुलिस केवल एफआईआर तक सीमित, बड़े मामलों का भी नहीं हुआ खुलासा
बाइक सवार बदमाशों ने बीते रविवार की शाम नगर थाना क्षेत्र के डीआरएम ऑफिस काली मंदिर चौक के पास एक महिला के गले से सोने की चेन छीन लिया और फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस अभी तक एफआईआर दर्ज करने के अलावा और कुछ नहीं कर सकी है। बता दें कि इसी वर्ष जनवरी महीने में डीएम आवास के पास स्थित एसबीआइ की मुख्य शाखा से पुलिस की वर्दी जैसी पोशाक पहने हुए बदमाशों ने एक महिला को बुलाकर जबरन अगवा कर लिया था और उससे ढाई लाख रुपए लूट लिया था। बदमाशों ने उसे मुजफ्फरपुर जिले में फोरलेन के पास ले जाकर छोड़ दिया था। उस मामले का भी पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। बताते चलें कि इसके अलावा शहर मोबाइल, सोने के चेन छिनतई की घटना की बाढ़ आ गई है। नगर थाना पुलिस इस पर लगाम लगाने में हांफ रही है।

